अमेरिका में भारत के पूर्व राजदूत तरनजीत सिंह संधू को दिल्ली का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है, वहीं वीके सक्सेना को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है. कुछ ही घंटों पहले कविंदर गुप्ता ने लद्दाख के उपराज्यपाल के पद से इस्तीफा दे दिया था.
गुप्ता एक साल से भी कम समय तक लद्दाख के उपराज्यपाल रहे. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा उनके पूर्ववर्ती ब्रिगेडियर डॉ. बीडी मिश्रा (रिटायर्ड) का इस्तीफा स्वीकार करने के बाद उन्हें 14 जुलाई 2025 को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया.
Vinai Kumar Saxena, Lt. Governor of Delhi appointed as Lt. Governor of Ladakh.
— ANI (@ANI) March 5, 2026
Taranjit Singh Sandhu appointed as Lt. Governor of Delhi.
Shiv Pratap Shukla, Governor of Himachal Pradesh appointed as Governor of Telangana.
Jishnu Dev Varma, Governor of Telangana… pic.twitter.com/uqrfhycUkv
दिल्ली, लद्दाख के अलावा अन्य राज्यों के भी राज्यपाल बदले गए हैं. हिमाचल के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला को तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. नंद किशोर यादव को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को तमिलनाडु के राज्यपाल के कार्यों का निर्वहन करने के लिए नियुक्त किया गया है. लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है.
गुप्ता जम्मू और कश्मीर के एक वरिष्ठ भाजपा नेता है और इससे पहले महबूबा मुफ्ती के मुख्यमंत्री रहते राज्य के डिप्टी सीएम रह चुके हैं. इसी बीच, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मू को अपना त्यागपत्र सौंप दिया.
इस घटना की पुष्टि करते हुए राज्यपाल के ओएसडी ने बताया, 'राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है और उन्होंने अपना त्यागपत्र भारत के राष्ट्रपति को भेज दिया है.'
राज्यपाल बोस के इस्तीफे पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आश्चर्य व्यक्त किया. उन्होंने यह भी कहा कि उनके उत्तराधिकारी आरएन रवि की नियुक्ति के संबंध में उनसे परामर्श नहीं किया गया था.