असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भारतीय वायुसेना का एक लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. शुरुआती जानकारी के अनुसार यह सुखोई Su-30MKI विमान जोरहाट से उड़ान भरने के बाद शाम करीब 7 बजे पहाड़ी इलाके में क्रैश हो गया. यह हादसा चोकीहोला के पास नीलिप ब्लॉक के एक दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में हुआ बताया जा रहा है. घटना के बाद आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार शाम करीब सात बजे पहाड़ियों की दिशा से तेज धमाके की आवाज सुनाई दी. इसके कुछ ही देर बाद लोगों ने आसमान में धुएं का गुबार उठता हुआ देखा. धमाके और धुएं की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया. कई ग्रामीणों ने बताया कि आवाज इतनी तेज थी कि दूर तक सुनाई दी.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में विमान में सवार एक पायलट के लापता होने की खबर है. हालांकि इस बारे में अभी तक भारतीय वायु सेना की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना की सही जानकारी बचाव दल के मौके पर पहुंचने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
An IAF Su-30 MKI is reported overdue. The aircraft had taken off from Jorhat, Assam and was last in contact at 7.42 pm. Further details are being ascertained. Search and rescue mission has been initiated: Indian Air Force https://t.co/KWyM8RqHGZ
— ANI (@ANI) March 5, 2026
जहां यह हादसा हुआ है वह इलाका घने जंगलों और ऊंची पहाड़ियों से घिरा हुआ है. इसी वजह से राहत और बचाव टीमों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई हो सकती है. रात का समय होने के कारण भी सर्च ऑपरेशन शुरू करने में चुनौतियां बढ़ गई हैं. बताया जा रहा है कि सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें इलाके की ओर रवाना हो चुकी हैं.
अधिकारियों के अनुसार जल्द ही बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया जाएगा. इसमें वायुसेना और स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों की टीमों को लगाया जा सकता है. फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है. जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि विमान तकनीकी खराबी की वजह से गिरा या इसके पीछे कोई अन्य कारण था. वायुसेना की टीम घटना से जुड़ी हर जानकारी जुटाने में लगी हुई है और पायलट की तलाश प्राथमिकता पर की जा रही है.