menu-icon
India Daily

आजादी, विभाजन और चीन-कश्मीर... देश के सबसे बड़े ऐतिहासिक फैसलों पर क्यों खामोश रही नेहरू की कलम?

पंडित जवाहरलाल नेहरू की आत्मकथा भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के शुरुआती संघर्षों, कांग्रेस की राजनीति और महात्मा गांधी के साथ उनके संबंधों को सामने लाती है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
आजादी, विभाजन और चीन-कश्मीर... देश के सबसे बड़े ऐतिहासिक फैसलों पर क्यों खामोश रही नेहरू की कलम?
Courtesy: ChatGPT

Children Day 2026: पंडित जवाहरलाल नेहरू का नाम भारतीय इतिहास के उन नेताओं में शामिल है, जिनकी भूमिका देश की आजादी से लेकर स्वतंत्र भारत के निर्माण तक बेहद अहम रही. उन्होंने अपनी आत्मकथा में स्वतंत्रता आंदोलन, कांग्रेस की राजनीति, महात्मा गांधी से रिश्तों और अपने राजनीतिक अनुभवों को विस्तार से लिखा. जेल में बैठकर तैयार की गई इस किताब में उन्होंने अपने जीवन के कई उतार-चढ़ाव भी दर्ज किए. हालांकि, उनकी कहानी एक ऐसे मोड़ पर खत्म हो जाती है, जिसके बाद भारत का इतिहास पूरी तरह बदलने वाला था.

आज मनाया जा रहा है बाल दिवस

देशभर में आज यानी 14 नवंबर को बाल दिवस मनाया जा रहा है. यह दिन भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है. बच्चों के प्रति उनके विशेष लगाव के कारण बच्चे उन्हें प्यार से 'चाचा नेहरू' कहते थे. नेहरू का मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके बेहतर विकास के लिए अच्छी शिक्षा, देखभाल और सही अवसर जरूरी हैं. 

जेल में शुरू हुई थी आत्मकथा लिखने की कहानी

नेहरू ने अपनी आत्मकथा 1934-35 के दौरान जेल में लिखी थी. फरवरी 1935 में उन्होंने इसे पूरा किया और 1936 में यह प्रकाशित हुई. उनका उद्देश्य केवल जीवन की घटनाओं को दर्ज करना नहीं था, बल्कि अपने फैसलों और अनुभवों को समझना भी था. किताब में उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन, किसान आंदोलनों, जेल यात्राओं और कांग्रेस के भीतर की राजनीति पर खुलकर लिखा. कई समकालीन नेताओं के साथ अपने संबंधों और व्यक्तिगत कमजोरियों को भी उन्होंने जगह दी.

आजादी और विभाजन के दौर पर नहीं लिखा

आत्मकथा के बाद भारतीय राजनीति में तेजी से बदलाव आए. दूसरा विश्वयुद्ध, भारत छोड़ो आंदोलन और अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष ने आजादी का रास्ता तैयार किया. 1946 में नेहरू अंतरिम सरकार के प्रमुख बने. इसके बाद सत्ता हस्तांतरण, कैबिनेट मिशन योजना और कांग्रेस-मुस्लिम लीग के बीच बढ़ते मतभेदों का दौर आया. अंत में देश का विभाजन हुआ और 15 अगस्त 1947 को भारत स्वतंत्र हो गया. इन घटनाओं पर नेहरू की अपनी विस्तृत आत्मकथा उपलब्ध नहीं है.

कश्मीर और दूसरे फैसलों पर भी नहीं रखी अपनी बात

आजादी के बाद देश के सामने शरणार्थियों का पुनर्वास, सांप्रदायिक हिंसा और रियासतों के विलय जैसी बड़ी चुनौतियां थीं. कश्मीर का मुद्दा भी बेहद महत्वपूर्ण बन गया. इसे संयुक्त राष्ट्र में ले जाने के फैसले सहित कई राजनीतिक घटनाओं पर आज भी चर्चा होती है. नेहरू ने इन विषयों पर पत्र लिखे, भाषण दिए और अपने सहयोगियों के साथ विचार साझा किए. लेकिन अपनी आत्मकथा में उन्होंने इन फैसलों का वर्षों बाद आत्ममंथन करते हुए कोई विस्तृत विवरण नहीं दिया.

चिट्ठियों में सामने आया आत्मकथा आगे लिखने का इरादा

7 अप्रैल 1957 को नेहरू ने सैयद आबिद हुसैन को लिखे पत्र में संकेत दिया था कि समय और इच्छा मिलने पर वह अपनी आत्मकथा आगे बढ़ा सकते हैं. लेकिन 5 जून 1961 को टी.एन. कौल को लिखे पत्र में उनका रुख बदला हुआ दिखाई दिया. उन्होंने कहा कि पुरानी आत्मकथा को वर्तमान समय तक बढ़ाना आसान नहीं होगा और इसके लिए पूरी नई किताब लिखनी पड़ेगी. उन्होंने लिखा, 'I would have to write a new book, and that is utterly beyond my capacity.'

नेहरू की कहानी दूसरे लेखकों ने दर्ज की

नेहरू के बाद उनके समकालीन नेताओं और लेखकों ने आजादी तथा विभाजन के दौर पर अपने अनुभव लिखे. मौलाना अबुल कलाम आजाद की किताब India Wins Freedom और जे.बी. कृपलानी की My Times इसी दौर को समझने के महत्वपूर्ण स्रोत हैं. अमेरिकी लेखिका डोरोथी नॉर्मन ने भी नेहरू के लेखों और भाषणों के आधार पर उनके जीवन को समझने की कोशिश की. उनके पत्र, भाषण और दस्तावेज आज भी इतिहासकारों के लिए अहम सामग्री हैं. हालांकि, नेहरू की अपनी कलम से उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल का विस्तृत आत्ममूल्यांकन सामने नहीं आ सका.