विशाखापत्तनम में गाजुवाका के पास थुंगालम में एक बड़ा हादसा हो गया. रविवार दोपहर को बन रहा एक रेलवे ओवरब्रिज अचानक ढह गया. इस हादसे में 7 मजदूर घायल हो गए. मौके पर हड़कंप मच गया. कुछ समय से निर्माण कार्य काफी तेजी से चल रहा था. तीसरे और चौथे खंभे के बीच डेकिंग का काम करते समय, यह विशाल ढांचा अचानक ढह गया और जमीन पर आ गिरा.
बताया जा रहा है कि मौके पर लगभग 10 मजदूर मौजूद थे. उनमें से सात को गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया. यह हादसा तब हुआ जब स्ट्रक्चर पर कंक्रीट डाला जा रहा था और अचानक मचान टूट गया, जिससे मजदूर मलबे के नीचे दब गए.
घायलों की पहचान बुद्धेश्वर, बोस, अजित, दिनेश, तुषार, प्रताप और उदय के रूप में हुई है. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया और घायलों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. इस पुल परियोजना की शुरुआत हाल ही में दुव्वाडा रेलवे स्टेशन के पास मौजूद पुराने और संकरे पुल के कारण होने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने के उद्देश्य से की गई थी.
इस हादसे ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर चिंताए बढ़ा दी हैं. अधिकारियों ने पुल गिरने के कारणों का पता लगाने और इसके लिए ज़िम्मेदारी तय करने के उद्देश्य से जांच शुरू कर दी है. इस मामले में जल्द ही आगे की कार्रवाई कर जाएगी.