menu-icon
India Daily

पुरी रथ यात्रा 2026: भारी बारिश के बीच तीनों रथ तैयार, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रथ यात्रा भगवान जगन्नाथ की भक्ति का अनुपम पर्व है. लाखों श्रद्धालु इस पावन अवसर पर भगवान के दर्शन के लिए पुरी पहुंच रहे हैं. सुरक्षा और व्यवस्था पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और यादगार बने.

Shilpa Shrivastava
पुरी रथ यात्रा 2026: भारी बारिश के बीच तीनों रथ तैयार, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
Courtesy: Pinterest

Puri Rath Yatra 2026: ओडिशा की पुरी में जगन्नाथ जी की प्रसिद्ध रथ यात्रा कल यानी गुरुवार को शुरू होने वाली है. तीनों रथ- भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा तैयार हैं. लाखों श्रद्धालु इस पावन त्योहार में शामिल होने वाले हैं. भारी बारिश की संभावना के बावजूद प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है.

रथ यात्रा से ठीक एक दिन पहले पुरी में 143.8 मिलीमीटर बारिश हुई है. मौसम विभाग ने गुरुवार को भारी बारिश और आंधी का रेड अलर्ट जारी किया है. प्रशासन ने ग्रैंड रोड से पानी निकालने के लिए पंप लगाए हैं ताकि रथ यात्रा सुचारू रूप से निकल सके.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम:

पुरी में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है. राज्य पुलिस, केंद्रीय बल, भारतीय नौसेना और कोस्ट गार्ड के जवान तैनात हैं. पूरा शहर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी में है. पुलिस ने AI और फेशियल रिकग्निशन सिस्टम का भी इस्तेमाल शुरू किया है. इससे भीड़ और ट्रैफिक को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा. कुल 13,000 पुलिसकर्मी, 15 कंपनी केंद्रीय बल, NSG कमांडो और 500 लाइफगार्ड तैनात किए गए हैं. स्टांपेड जैसी स्थिति से बचने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और एंटी-सैबोटाज टीम भी सक्रिय हैं.

रथ यात्रा का कार्यक्रम:

मंदिर प्रशासन के अनुसार सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक भगवान की मूर्तियों को रथों पर विराजमान किया जाएगा. दोपहर 4 बजे पुरी के गजपति महाराज और शंकराचार्य जी रथों की पूजा करेंगे. इसके बाद श्रद्धालु रथ खींचना शुरू करेंगे. रथ श्री गुंडिचा मंदिर (लगभग 2.6 किमी दूर) तक जाएंगे. मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और कई मंत्री पुरी पहुंच चुके हैं और व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं. मंदिर प्रशासन के अधिकारी ने राज्यपाल को भी रथ यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया है.