menu-icon
India Daily

बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र, मानसून ने पकड़ी रफ्तार; 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र ने मानसून को नई गति दे दी है. मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के दौरान देश के 22 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र, मानसून ने पकड़ी रफ्तार; 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
Courtesy: ANI

देश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से मानसून की रफ्तार धीमी पड़ती नजर आ रही थी, लेकिन अब उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बने कम दबाव के क्षेत्र ने मौसम का मिजाज बदल दिया है. 

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार यह प्रणाली अगले दो दिनों में और मजबूत होकर उत्तर ओडिशा तथा गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ सकती है. इसके प्रभाव से पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अगले सात दिनों तक वर्षा की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है.

22 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

मौसम विभाग ने देश के 22 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके साथ कई इलाकों में गरज-चमक और 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है. प्रभावित राज्यों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड और महाराष्ट्र समेत कई राज्य शामिल हैं. हालांकि पश्चिम-मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अगले सात दिनों तक तथा उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले पांच दिनों तक बारिश अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है.

इन राज्यों में सबसे अधिक असर

मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और झारखंड में मानसून सबसे अधिक सक्रिय रहेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है. बिहार में 16 से 20 जुलाई तक अधिकांश क्षेत्रों में बारिश का अनुमान है.

झारखंड में भी 18 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट है. उत्तराखंड में 20 और 21 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अभी भी लोगों को उमस से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है.आईएमडी ने बताया कि दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने के बावजूद अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. अधिकारियों के अनुसार राजधानी में फिलहाल गर्मी और उमस का असर बना रहेगा.