menu-icon
India Daily

बंगाल में 6 महीने प्रेग्नेंट बीवी की पति ने गला घोंटकर की हत्या, प्लास्टिक में लपेटकर बिस्तर के नीचे रखा था शव

बंगाल के 24 परगना जिले में एक 6 महीने प्रेग्नेंट महिला की उसके पति ने गला घोंटकर हत्या कर दी. उसका शव प्लास्टिक में लपेटा हुआ, बिस्तर के नीचे छिपा मिला. यहां जानें पूरा मामला…

Shilpa Shrivastava
बंगाल में 6 महीने प्रेग्नेंट बीवी की पति ने गला घोंटकर की हत्या, प्लास्टिक में लपेटकर बिस्तर के नीचे रखा था शव
Courtesy: Pinterest

24 परगना: पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां पर रहने वाली पूजा मंडल नाम की 24 साल की एक महिला की उसके पति ने हत्या कर दी है. यह तब हुआ जब वो 6 महीने की प्रेग्नेंट थी. बता दें कि यह घटना गारुलिया के लेनिन नगर इलाके में हुई. पूजा का शव बुधवार शाम को मिला. पुलिस ने बताया कि शव को प्लास्टिक में लपेटकर बिस्तर के नीचे छिपा दिया गया था.

पुलिस अधिकारियों ने बताया था कि इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पूजा मंडल की हत्या के आरोप में उसके पति ऋषि हरिचंद, उसकी मां और परिवार का एक अन्य सदस्य को गिरफ्तार किया है. हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.

पूजा के परिवार ने दर्ज कराई शिकायत:

पूजा के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी हत्या इसलिए की गई क्योंकि उसने पति को पैसे देने से मना कर दिया था. पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला है कि ऋषि ने कपड़े के एक टुकड़े से उसका गला घोंट दिया था. इसके बाद उसने शव को छिपाकर अपराध को छिपाने की कोशिश की.

बता दें कि इनकी शादी को करीब दो साल हुए थे. पूजा के घरवालों ने बताया कि शादी के बाद से ही पूजा को पैसे के लिए परेशान किया जाता था. ससुरालवाले उसे पैसों के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहे थे. परिवार ने शुरूआत में इस शादी को स्वीकार नहीं किया था क्योंकि यह शादी उनकी मर्जी के बिना हुई थी.

पूजा से करते थे पैसों की मांग:

पूजा जिस समय प्रेग्नेंट थी उस समय उससे पैसों की मांग की गई. जब पूजा ने पैसे देने से मना कर दिया तो पति-पत्नी के बीच काफी झगड़ा हुआ. इसके बाद पूजा के पति ने उसकी हत्या कर दी. फिर जब पूजा के घरवाले उससे कॉन्टैक्ट नहीं कर पाए, तो वह उसके ससुराल पहुंच गए. जब पूजा वहां नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी. फिर जब तलाशी ली गई तो पुलिस अधिकारियों को बिस्तर के नीचे छिपा हुआ शव बरामद किया.

घरवालों ने शादी नहीं की थी स्वीकार:

पूजा के मामा गौतम बिस्वास ने बताया कि ऋषि अक्सर पूजा से पैसे मांगता था. उन्होंने हमारे परिवार की मर्जी के बिना शादी की थी. हमने शुरू में उन्हें स्वीकार नहीं किया था. बाद में, जब हमें पता चला कि वह गर्भवती है, तो हमने शादी को स्वीकार कर लिया. 

उन्होंने आगे बताया कि ऋषि के पास कोई नौकरी नहीं थी, इसलिए वह लगातार पूजा से पैसों की मांग करता रहता था. फोन पर सूचना मिलने के बाद परिवार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और देखा कि शव छिपा हुआ है. उन्हें यह भी पता चला कि पति, सास और अन्य लोग पुलिस थाने जाकर आत्मसमर्पण कर चुके हैं.