menu-icon
India Daily

'खाओ, पियो और मौज करो' वाली सोच भारत की नहीं...; PM मोदी ने मंत्रियों को दी बचत की नसीहत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक में बचत और वित्तीय अनुशासन को बढ़ावा देने की अपील की. उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति 'खाओ, पियो और मौज करो' की सोच पर आधारित नहीं है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'खाओ, पियो और मौज करो' वाली सोच भारत की नहीं...; PM मोदी ने मंत्रियों को दी बचत की नसीहत
Courtesy: Pinterest

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक में बचत और वित्तीय अनुशासन को बढ़ावा देने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति 'खाओ, पियो और मौज करो' की सोच में विश्वास नहीं करती, बल्कि बचत और भविष्य की सुरक्षा को महत्व देती है. 

प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से कहा कि देश में गरीबी से बाहर निकले लोगों को दोबारा गरीबी में जाने से रोकना भी सरकार की बड़ी जिम्मेदारी है. इसके लिए लोगों के बीच बचत की आदत को प्रोत्साहित करना जरूरी है.

गरीबी से बाहर आए 50 करोड़ लोगों का किया जिक्र

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2011 से 2023 के बीच करीब 50 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर आने की उपलब्धि का उल्लेख किया. उन्होंने इसे देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मनाए जाने योग्य बताया. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लोगों को गरीबी से बाहर निकालना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें दोबारा आर्थिक तंगी में जाने से बचाना भी जरूरी है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि बचत की आदत और वित्तीय अनुशासन इस दिशा में अहम भूमिका निभा सकते हैं. उन्होंने मंत्रियों को भी अपने व्यवहार और कामकाज में वित्तीय अनुशासन अपनाने की सलाह दी.

2014 के पहले संबोधन को किया याद

नई दिल्ली के भारत मंडपम में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की करीब साढ़े तीन घंटे तक बैठक हुई. इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2014 में संसद के सेंट्रल हॉल में दिए अपने पहले संबोधन को याद किया. उन्होंने उस समय अपनी सरकार को गरीबों के प्रति समर्पित बताया था.

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं ने देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उन्होंने मंत्रियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने पर ध्यान देने की बात कही.

नशे के मुद्दे पर क्या बोले पीएम

बैठक में नशे की समस्या और आंतरिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई. सूत्रों के मुताबिक, नशे के मुद्दे पर बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना बेहद जरूरी है.

प्रधानमंत्री ने नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार के सभी विभागों को मिलकर काम करने की अपील की. उन्होंने कहा कि जिस तरह देश ने नक्सलवाद की समस्या से निपटने में सफलता हासिल की है, उसी तरह नशे के खिलाफ भी लड़ाई जीती जा सकती है.

नक्सलवाद को लेकर भी किया सतर्क

प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों और अधिकारियों को किसी भी तरह की लापरवाही से बचने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि नक्सलवाद पर नियंत्रण के लिए किए गए प्रयासों को लगातार जारी रखना होगा, ताकि यह समस्या दोबारा सिर न उठा सके.

बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार देर रात फिलीपींस की राजधानी मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन में शामिल होने के बाद दिल्ली लौटे थे. बैठक में उन्होंने सितंबर में आयोजित चिंतन बैठक के दौरान तय किए गए लक्ष्यों और सरकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की.