menu-icon
India Daily

‘कुछ डिशेज ठंडी ही अच्छी लगती हैं…’, कुलगाम में लतीफ भट का एनकाउंटर, CRPF DG का तंज भरा संदेश

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के टॉप कमांडर लतीफ भट के मारे जाने के बाद CRPF में खुशी का माहौल है. बुधवार को CRPF चीफ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने सुरक्षाबलों की सफलता पर बधाई दी.

Shilpa Shrivastava
‘कुछ डिशेज ठंडी ही अच्छी लगती हैं…’, कुलगाम में लतीफ भट का एनकाउंटर, CRPF DG का तंज भरा संदेश
Courtesy: Pinterest

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के टॉप कमांडर लतीफ भट के मारे जाने के बाद CRPF में खुशी का माहौल है. बुधवार को CRPF चीफ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने सुरक्षाबलों की सफलता पर बधाई दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्होंने तंज भरा संदेश लिखते हुए जवानों को बधाई दी.

जानकारी के मुताबिक, लतीफ भट और आतंकी उमर निसार डार पिछले सप्ताह कुलगाम में CRPF पोस्ट पर हुए हमले में शामिल थे. इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे. सोमवार को मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया था, जबकि लतीफ भट भागने में सफल रहा था.

मस्जिद में छिपा था आतंकी:

बुधवार सुबह सुरक्षाबलों ने दोबारा लतीफ भट को घेर लिया. बताया गया कि वह बचने की कोशिश में एक मस्जिद के अंदर छिप गया था. सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका दिया, लेकिन तैयार नहीं होने पर मुठभेड़ में उसे मार गिराया. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भी सुरक्षाबलों की कार्रवाई की सराहना करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "भाग सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते."

कुलगाम हमले का मास्टरमाइंड था लतीफ भट:

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए आतंकी हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर लतीफ भट मास्टरमाइंड बताया गया है. जांच के मुताबिक, हमले से एक दिन पहले 10 नवंबर 2026 को लतीफ भट और आतंकी उमर निसार डार ने जिले के कई संवेदनशील इलाकों का दौरा किया था.

दोनों आतंकियों ने मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम जैसे क्षेत्रों में जाकर सुरक्षा बलों की गतिविधियों और तैनाती की जानकारी जुटाई थी. इस दौरान उन्होंने हमले की योजना बनाने के लिए रेकी की थी. उनकी यह गतिविधियां आसपास लगे CCTV कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई थीं.

इसके अगले दिन यानी 11 नवंबर को दोनों आतंकियों ने अखरान इलाके में CRPF के नाके पर अचानक गोलीबारी कर दी थी. इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे. वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे. जांच और CCTV फुटेज के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों ने लतीफ भट की पहचान की और उसकी तलाश में अभियान शुरू किया.