कुलगाम: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ शुरू हो गई. यह मुठभेड़ जांगलपोरा गांव में हुई, जहां सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया हुआ है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का कमांडर लतीफ भट इलाके में घिरा हो सकता है. हालांकि, उसकी मौजूदगी की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को सुरक्षाबलों ने उमर निसार डार को मार गिराया था. उस पर 11 नवंबर को कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए हमले में शामिल होने का आरोप था. हालांकि, उस समय लतीफ भट सुरक्षाबलों की घेराबंदी से बचकर निकलने में कामयाब हो गया था. इसके बाद से ही सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं. बुधवार सुबह तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों का आतंकियों से दोबारा संपर्क हुआ और गोलीबारी शुरू हो गई.
Kulgam, Jammu and Kashmir: Fresh exchange of fire reported during the ongoing anti-terror operation in Kulgam as security forces re-establish contact with suspected terrorists, one terrorist was killed earlier. https://t.co/i1QL8M6U06
— IANS (@ians_india) November 18, 2026Also Read
11 नवंबर को कुलगाम में एक नाके पर तैनात CRPF जवानों पर बाइक सवार हमलावरों ने गोलीबारी की थी. इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे. जांच में सामने आया कि उमर निसार डार और लतीफ भट ने हमले से एक दिन पहले यानी 10 नवंबर को कई इलाकों की रेकी की थी. आरोप है कि दोनों ने सुरक्षा बलों की तैनाती और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई थी.
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर बताया कि उमर डार और लतीफ भट 10 नवंबर को मीर बार, अखरन, हबलिश और किलम इलाकों में घूमते दिखाई दिए थे. पुलिस के मुताबिक, दोनों ने इन जगहों पर रेकी की और हमले की योजना बनाई थी. फुटेज में हमले के बाद उनके भागने से जुड़ी गतिविधियां भी सामने आई हैं.
फिलहाल सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है. लतीफ भट की तलाश जारी है और मुठभेड़ को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.