Cyclone Akvan Alert: बंगाल की खाड़ी में उठे गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवन' को लेकर ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, यह तूफान 20 नवंबर को दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तटों को पार कर सकता है. खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने बचाव और राहत कार्य तेज कर दिए हैं.
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि अब तक करीब 50 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा चुका है. सरकार का लक्ष्य तूफान के दौरान किसी की जान न जाने देना है. इसके लिए मैदानी और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को भी निकालने का काम जारी है. सबसे ज्यादा लोगों को गंजाम जिले से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है. इसके अलावा गजपति, कंधमाल, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी के कई गांवों में भी लोगों को हटाया जा रहा है.
#WATCH | Puri, Odisha: In view of Cyclone Akvan, the Puri district administration has been placed on high alert. Fire Services personnel and National Disaster Response Force (NDRF) teams are deployed in vulnerable coastal areas, and red warning flags have been put up along the beach to prevent tourists and locals from venturing into the extremely rough sea.
— ANI (@ANI) November 19, 2026Also Read
राज्य सरकार ने तूफान से प्रभावित लोगों को रखने के लिए करीब 3,000 राहत केंद्र तैयार किए हैं. इनमें से 448 केंद्रों में व्यवस्था शुरू हो चुकी है. राहत और बचाव कार्यों के लिए 15 जिलों को कुल 20 करोड़ रुपये दिए गए हैं. मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को ओडिशा के 11 जिलों में भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी दी है. इनमें मलकानगिरी, कोरापुट, रायगढ़ा, कालाहांडी, गजपति, गंजाम, कंधमाल, बौध, पुरी, नयागढ़ और खुर्दा शामिल हैं.
तटीय इलाकों में हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. ऐसे में प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं.
तूफान के खतरे को देखते हुए छह जिलों में गुरुवार से स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है. गंजाम, गजपति, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रापड़ा और कंधमाल में स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी रेलवे अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की.
यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे ट्रैक और अन्य सुविधाओं को नुकसान से बचाने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं. रेलवे ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय कर दिए हैं. प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें और सुरक्षित स्थानों पर रहें.