विदेश यात्रा पर टैक्स या सेस लगाए जाने की खबर ने शुक्रवार को अचानक सुर्खियां पकड़ ली. एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि सरकार विदेश जाने वाले लोगों पर अतिरिक्त टैक्स लगाने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है. रिपोर्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई और लोगों ने इसे आम यात्रियों और कारोबारियों पर अतिरिक्त बोझ बताया. हालांकि, कुछ ही घंटों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि इसमें “रत्ती भर भी सच नहीं” है. इसके बाद संबंधित मीडिया संस्थान ने भी अपनी खबर वापस लेते हुए माफी मांग ली.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सीधे प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विदेश यात्रा पर टैक्स लगाने की कोई योजना नहीं है. उन्होंने साफ शब्दों में लिखा कि इस तरह की खबरें पूरी तरह गलत हैं और सरकार लोगों के लिए ‘ईज ऑफ लिविंग’ और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को आसान बनाने की दिशा में काम कर रही है.
This is totally false.
— Narendra Modi (@narendramodi) May 15, 2026
Not an iota of truth in this.
There is no question of putting such restrictions on foreign travel.
We remain committed to improving ‘Ease of Doing Business’ and ‘Ease of Living’ for our people. https://t.co/9lxjbxz0nV
मीडिया रिपोर्ट में कहा गया था कि सरकार विदेश यात्रा पर सेस, टैक्स या सरचार्ज लगाने के विकल्प पर विचार कर रही है. रिपोर्ट के मुताबिक इस मुद्दे पर “उच्चतम स्तर” पर चर्चा चल रही थी. दावा यह भी किया गया था कि इससे सरकार अतिरिक्त राजस्व जुटाने की योजना बना सकती है. जैसे ही यह खबर सामने आई, ट्रैवल इंडस्ट्री और व्यापार जगत में हलचल बढ़ गई. कई लोगों ने आशंका जताई कि अगर ऐसा फैसला लागू होता है, तो विदेश यात्रा महंगी हो सकती है.
प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया आने के कुछ ही मिनटों बाद CNBC-TV18 ने अपनी रिपोर्ट वापस ले ली. चैनल ने 'X' पर पोस्ट जारी करते हुए कहा कि विदेश यात्रा पर टैक्स लगाने से जुड़ी खबर सही नहीं थी. इस गलती के लिए खेद जताया जाता है.