पश्चिम बंगाल में दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया. पूर्व मेदिनीपुर की चर्चित नंदीग्राम सीट से बीजेपी ने मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हासीरानी रथ को मैदान में उतारा है. वहीं, मुर्शिदाबाद की रेजीनगर विधानसभा सीट से शाखारव सरकार को प्रत्याशी बनाया गया है.
नंदीग्राम में हासीरानी रथ मंगलवार को समर्थकों के साथ जुलूस निकालकर नामांकन दाखिल करेंगी. इस दौरान मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी के भी मौजूद रहने की उम्मीद है. बीजेपी इस मौके को बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर पेश करने की तैयारी में है.
चंद्रनाथ रथ की हत्या मई में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद हुई थी. रिपोर्ट के मुताबिक, शुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से दो दिन पहले चंद्रनाथ रथ को गोली मार दी गई थी. इसके बाद यह मामला राजनीतिक रूप से भी काफी चर्चा में रहा. अब बीजेपी ने उनकी मां को नंदीग्राम से उम्मीदवार बनाकर चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है.
हासीरानी रथ का राजनीति से पुराना जुड़ाव रहा है. वह वर्ष 1998 से सक्रिय राजनीति में हैं. वह दो बार पंचायत सदस्य और तीन बार पंचायत समिति की सदस्य रह चुकी हैं. बीजेपी को उम्मीद है कि उनके राजनीतिक अनुभव और स्थानीय पहचान का फायदा पार्टी को चुनाव में मिल सकता है.
पश्चिम बंगाल में हाल में हुए विधानसभा चुनाव में शुवेंदु अधिकारी को नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत मिली थी. ऐसे में उन्होंने नियम के मुताबिक नंदीग्राम सीट छोड़ दी. क्योंकि एक व्यक्ति दो विधानसभा सीटों से विधायक नहीं रह सकता है. उनके द्वारा सीट खाली किए जाने के बाद नंदीग्राम सीट पर अब उपचुनाव कराया जा रहा है.
दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होना है और 16 सितंबर नामांकन की आखिरी तारीख है. नंदीग्राम में तृणमूल कांग्रेस, वाममोर्चा और कांग्रेस पहले ही अपने उम्मीदवार उतार चुके हैं. बीजेपी द्वारा किए गए नाम ऐलान के बाद से हलचल तेज हो गई है. विपक्षी पार्टियां काफी एक्टिव हो गई हैं.