menu-icon
India Daily

पढ़ने के लिए विदेश गए 633 स्टूडेंट्स की मौत, सबसे ज्यादा कनाडा में गंवा रहे जान

भारत के विदेश मंत्रालय ने लोकसभा में बताया है कि पिछले 5 साल में विदेश में पढ़ने वाले 633 स्टूडेंट्स की मौत हो चुकी है. इसमें सबसे ज्यादा स्टूडेंट्स कनाडा में मरे थे. सरकार ने यह भी बताया है कि विदेश में होने वाली हिंसक घटनाओं कुल 19 लोगों की मौत हो चुकी है. सरकार ने यह भी बताया है कि कनाडा में रहने वाले कुल 9 स्टूडेंट्स हिंसक घटनाओं में मारे जा चुके हैं.

India Daily Live
पढ़ने के लिए विदेश गए 633 स्टूडेंट्स की मौत, सबसे ज्यादा कनाडा में गंवा रहे जान
Courtesy: Social Media

भारत के लाखों लोग दुनियाभर के देशों में बसे हुए हैं. हर साल हजारों स्टूडेंट्स उच्च शिक्षा के लिए दूसरे देशों में जाते हैं और कई साल वहीं रहते हैं. अब भारत सरकार ने आंकड़े जारी करके बताया है कि पिछले 5 साल में विदेश गए 633 स्टूडेंट्स की मौत वहीं पर हो गई है. जान गंवाने वाले सबसे ज्यादा स्टूडेंट्स कनाडा में रहने गए थे. आंकड़ों के मुताबिक, इनमें से 19 स्टूडेंट्स ऐसे थे जो हिंसक हमलों में मारे गए. भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी एक जवाल का जवाब देते हुए संसद में रखी है. इसके मुताबिक, इन स्टूडेंट्स की मौत की वजहें कई तरह की हैं.

केरल से आने वाले सांसद के. सुरेश ने इसी से संबंधित एक सवाल पूछा था. इस पर विदेश मंत्रालय ने लोकसभा में बताया है कि कुल 41 देशों में रहने वाले 633 स्टूडेंट्स बीते 5 साल में मरे हैं. इसमें सबसे ज्यादा 172 स्टूडेंट्स कनाडा में रह रहे थे. विदेश राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने लिखित जवाब में कहा है कि ये स्टूडेंट्स हादसे, प्राकृतिक कारणों या फिर मेडिकल इमरजेंसी के चलते मरे हैं.

कहां कितने स्टूडेंट्स की हुई मौत?

विदेश मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 5 साल में कनाडा में 172, अमेरिका में 108, यूके में 58, ऑस्ट्रेलिया में 57, रूस में 37 और जर्मनी में कुल 24 भारतीय स्टूडेंट्स की मौत हुई है. इसके अलावा, पाकिस्तान में एक स्टूडेंट की जान गई है. एक और सवाल के जवाब में सरकार ने कहा है कि पिछले कुछ समय में विदेश में होने वाली हिंसक घटनाओं में मारे जाने वाले स्टूडेंट्स की संख्या में इजाफा नहीं हुआ है. देश के हिसाब से आए आंकड़ों के मुताबिक, हिंसक घटनाओं में कुल 19 स्टूडेंट्स मारे गए हैं. इसमें से सबसे ज्यादा 9 स्टूडेंट कनाडा में, 6 अमेरिका में और ऑस्ट्रेलिया, यूके, चीन और किर्गिस्तान में एक-एक स्टूडेंट मारे गए हैं.

सरकार ने अपने जवाब के साथ ही एक सलाह भी दी है. उसने कहा है, 'विदेश में मौजूद भारतीय मिशन वहां जाने वाले स्टूडेंट्स से उम्मीद करते हैं कि वे मदद पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन कराएं ताकि उनकी समस्याओं का निपटारा तय समय में किया जा सके.' आंकड़ों के मुताबिक, साल 2024 में भारत 13.3 लाख स्टूडेंट्स दुनिया के तमाम देशों के कॉलेजों और यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे हैं.