मुंबई: बृहन्मुंबई महानगरपालिका में भारतीय जनता पार्टी ने गणेश खंकर को अपना नया ग्रुप लीडर चुना लिया है. सूत्रों के मुताबिक, पार्टी जल्द ही उनके नाम की औपचारिक घोषणा करेगी. यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब हालिया बीएमसी चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने साधारण बहुमत हासिल किया है. बीजेपी 89 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है.
गौरतलब है कि हाल में हुए बीएमसी चुनावों में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया है. पार्टी ने अपने दम पर 89 सीटें जीतकर नगर निगम में सबसे बड़े दल का दर्जा हासिल किया. महायुति गठबंधन को बहुमत मिलने के बाद सत्ता की तस्वीर साफ हो गई थी. ऐसे में ग्रुप लीडर का चयन बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि यही नेता सदन में पार्टी की रणनीति और दिशा तय करता है.
गणेश खंकर दहिसर के वार्ड नंबर 7 से जीत दर्ज कर बीएमसी पहुंचे हैं. इससे पहले वे बोरीवली क्षेत्र से पार्षद के रूप में भी सक्रिय रहे हैं. संगठनात्मक राजनीति में उनकी गहरी पकड़ मानी जाती है. पार्टी के भीतर उन्हें अनुशासित और जमीनी कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने वर्षों तक स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने का काम किया.
बीजेपी के सबसे बड़े दल के रूप में उभरने के बाद गणेश खंकर सदन के नेता की भूमिका निभाएंगे. उनका काम न केवल पार्टी की बात मजबूती से रखना होगा, बल्कि नगर निगम के कामकाज में प्रभावी समन्वय भी सुनिश्चित करना होगा. विपक्ष से निपटने और विकास से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर होगी.
सूत्रों के अनुसार पार्टी नेतृत्व उनके नाम पर सहमति जता चुका है और जल्द ही औपचारिक ऐलान किया जाएगा. घोषणा के बाद बीजेपी की बीएमसी में रणनीति और साफ होगी. खंकर के नेतृत्व में पार्टी नगर प्रशासन में सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी में है. राजनीतिक गलियारों में इसे बीजेपी के संगठनात्मक संतुलन का अहम कदम माना जा रहा है.