महंगाई के मोर्चे पर लोगों को बड़ा झटका लगा है. दूध के दामों में 5 रुपए की बढ़ोतरी की गई है. हालांकि यह बढ़ोतरी जम्मू-कश्मीर में हुई है. जम्मू-कश्मीर डेयरी फार्मर्स एसोसिएशन (JKDFA) ने दूध के दाम 5 रुपए प्रति लीटर बढ़ाने का फैसला किया है. नई दरें 1 जून से लागू हो गई हैं. एसोसिएशन ने कहा कि पशुओं का चारा महंगा होने, डेयरी कारोबार से जुड़े किसानों और सप्लायरों का खर्च बढ़ने के कारण उन्हें दूध के दाम बढ़ाने पड़े.
JKDFA के अध्यक्ष संदीप सिंह चिब ने विश्व दुग्ध दिवस के मौके पर बढ़ोतरी की घोषणा की. उन्होंने कहा कि पशुओं का चारा, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान महंगा होता जा रहा है जिससे किसान दबाव में थे. उनके हितों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है. संदीप सिंह ने कहा कि पुराने दामों पर काम करना किसानों के लिए मुश्किल होता जा रहा था. इसीलिए सभी कैटेगिरी के दूध पर पांच रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है.
जम्मू में अब फुल क्रीम दूध 72 रुपए प्रति लीटर मिलेगा. वहीं गाय का दूध 62 रुपए प्रति लीटर मिलेगा. टोंड दूध 60 रुपए और डबल टोंड दूध 54 रुपए प्रति लीटर की दर से मिलेगा. दूध की कीमतें ऐसे समय में बढ़ाई गई हैं जब ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते पहले से ही आम जनता की कमर टूटी हुई है. इससे पहले केंद्र सरकार पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी गैस के दामों में भी बढ़ोतरी कर चुकी है.
एक दिन पहले वित्त मंत्रालय ने कहा था कि अगर होर्मुज स्ट्रेट जल्द नहीं खुला तो देश में महंगाई को लेकर स्थिति विकराल हो सकती है. हाल फिलहाल में ईरान में शांति बहाली के कोई संकेत नजर नहीं आ रहे हैं क्योंकि ट्रंप और ईरान के बीच लगातार बातचीत फेल हो रही है.