menu-icon
India Daily

'हम डरते नहीं', NEET और CBSE विवाद पर शिक्षा मंत्रालय के बाहर छात्रों का हल्लाबोल; कई हिरासत में

देश की प्रमुख परीक्षाओं में लगातार धांधली और तकनीकी खामियों के विरोध में सोमवार को दिल्ली में शिक्षा मंत्रालय के बाहर छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की.

KanhaiyaaZee
'हम डरते नहीं', NEET और CBSE विवाद पर शिक्षा मंत्रालय के बाहर छात्रों का हल्लाबोल; कई हिरासत में
Courtesy: X/@ANI

नई दिल्ली: भारत की परीक्षा प्रणाली इस समय इतिहास के सबसे बड़े संकट और अविश्वास के दौर से गुजर रही है. नीट पेपर लीक, सीयूईटी परीक्षा में भारी देरी और सीबीएसई के मूल्यांकन पोर्टल पर उठ रहे गंभीर सवालों के बीच देश के युवाओं में आक्रोश दिखने लगा है. सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित शिक्षा मंत्रालय के मुख्य प्रशासनिक भवन के बाहर सैकड़ों आक्रोशित छात्रों ने इकट्ठा होकर केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया.

मंत्रालय के मुख्य द्वार पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और क्रांतिकारी युवा संगठन (KYS) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की. छात्र हाथों में तख्तियां लेकर परीक्षा व्यवस्था में आमूल-चूल बदलाव की मांग कर रहे थे. हालांकि, हालात को बिगड़ता देख मौके पर मुस्तैद भारी पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई मुख्य प्रदर्शनकारियों को जबरन गाड़ियों में भरकर हिरासत में ले लिया.

केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़े युवा

प्रदर्शन में शामिल छात्र-छात्राओं का स्पष्ट आरोप था कि मौजूदा शिक्षा मंत्रालय और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) देश की संवेदनशील परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से आयोजित कराने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं. मीडिया से बात करते हुए एक युवा प्रदर्शनकारी ने कहा कि जब तक केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक युवाओं का यह जमीनी संघर्ष थमने वाला नहीं है.

मुख्य न्यायाधीश की विवादित टिप्पणी पर आक्रोश

सड़कों पर उतरे छात्रों के भीतर भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत द्वारा पूर्व में दी गई एक विवादित टिप्पणी को लेकर भी गहरा असंतोष देखने को मिला. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि व्यवस्था छात्रों के साथ कीड़े-मकोड़ों जैसा व्यवहार कर रही है. हालांकि, मुख्य न्यायाधीश ने पहले ही इस पर स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा था कि उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए कड़े शब्द केवल फर्जी डिग्री बेचने और लेने वाले गिरोहों के लिए थे, न कि वास्तविक छात्रों के लिए.

कॉकरोच जनता पार्टी का 6 जून का अल्टीमेटम

शिक्षा मंत्रालय के बाहर हुआ यह हंगामा ठीक उसी वक्त देखने को मिला है, जब इंटरनेट पर सक्रिय 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने आगामी 6 जून को दिल्ली में एक विशाल ऑफलाइन आंदोलन का आह्वान किया है. विदेश में रह रहे दिपके ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर बताया कि वे भारत लौट रहे हैं. इस एलान के बाद से दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं.

तीन बड़ी परीक्षाओं की गड़बड़ियों से फैला जनाक्रोश

छात्रों के इस देशव्यापी गुस्से की मुख्य वजह 3 मई को हुई नीट-यूजी परीक्षा का पेपर लीक के कारण रद्द होना है, जिसकी जांच अभी जारी है. इसके ठीक बाद सीबीएसई के ऑनलाइन मार्किंग पोर्टल में एक युवा ने बड़ी सुरक्षा खामियां उजागर की थीं, जिसने छात्रों को तनाव में डाल दिया. रही-सही कसर सीयूईटी परीक्षा के दौरान आई तकनीकी खराबी ने पूरी कर दी, जिसके चलते देशभर के केंद्रों पर परीक्षा तीन से चार घंटे की देरी से शुरू हुई.