नई दिल्ली: हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फर्जी और मॉर्फ्ड वीडियो-फोटो फैलाने के आरोप में मेटा इंडिया के हेड अरुण श्रीनिवास और कई फेसबुक-इंस्टाग्राम अकाउंट्स पर केस दर्ज किया है. यह कार्रवाई जंतर मंतर पर CJP के हालिया प्रदर्शन के दौरान पीएम मोदी को टारगेट करने वाले कंटेंट को लेकर हुई है.
दो शिकायतकर्ताओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उन्हें इंस्टाग्राम और फेसबुक पर पीएम मोदी के अश्लील, अपमानजनक और गुमराह करने वाले फर्जी वीडियो और इमेज दिखे. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.
पहली शिकायत 29 वर्षीय व्यवसायी एस. अरविंद रेड्डी की थी. उन्होंने बताया कि इंस्टाग्राम ब्राउज करते समय उन्हें पीएम मोदी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ अश्लील तरीके से दिखाने वाले एडिटेड वीडियो और इमेज मिले. एक इमेज में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी एडिट किया गया था. शिकायतकर्ता का कहना था कि ये कंटेंट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाए गए लगते हैं. दूसरी शिकायत तेलंगाना BJP कार्यकर्ता टी. साई किरण गौड़ ने की. उन्होंने भी फेसबुक और इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक रील्स और फोटो देखने की शिकायत की.
पुलिस ने इन मामलों में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66-C (आइडेंटिटी चोरी) और 67 (अश्लील सामग्री प्रकाशित करना) के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2) और 336(4) के तहत केस दर्ज किया है. जांच जारी है.
मेटा ने उत्तराखंड हाईकोर्ट में बताया कि उसने अपनी शिकायत निवारण नीति में बदलाव किया है और अब यूजर्स की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है. बता दें कि जंतर मंतर पर CJP के प्रदर्शन के दौरान पीएम मोदी के फर्जी कंटेंट को लेकर विवाद बढ़ा था. सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से सख्ती बरतने को कहा था.