menu-icon
India Daily

मुंबई के मीरा रोड में दो पक्षों में तनाव, बकरीद पर बकरों की कुर्बानी को लेकर भिड़े दो गुट

मुंबई के मीरा रोड इलाके की एक रिहायशी सोसाइटी में बकरीद से पहले बकरियां रखने वाले शेड को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए हालात को काबू में किया.

KanhaiyaaZee
मुंबई के मीरा रोड में दो पक्षों में तनाव, बकरीद पर बकरों की कुर्बानी को लेकर भिड़े दो गुट
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: मुंबई के उपनगरीय इलाके मीरा रोड से सांप्रदायिक तनाव की खबर सामने आ रही है. आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) के त्योहार से ठीक पहले यहाँ की पूनम क्लस्टर सोसाइटी में दो पक्षों के बीच भारी विवाद हो गया. कुर्बानी के लिए लाए जाने वाले पशुओं को रखने के लिए बनाए गए एक अस्थाई ढांचे को लेकर शुरू हुआ यह मामूली विवाद देखते ही देखते भयंकर तनाव में तब्दील हो गया, जिसके बाद पुलिस को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी. 

पूनम क्लस्टर सोसाइटी के स्थानीय निवासियों ने नगर निगम प्रशासन से लिखित शिकायत की थी कि रिहायशी परिसर के भीतर नियमों के खिलाफ जाकर कुर्बानी की बकरियों को रखने के लिए एक अवैध शेड का निर्माण किया जा रहा है. इस शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर निगम के दस्ते ने मौके पर पहुंचकर उस अस्थाई ढांचे को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया था. इस प्रशासनिक कार्रवाई के बाद से ही इलाके में तनाव बढ़ गया.

शेड दोबारा बनाने पर भड़की हिंसा

मामला तब और ज्यादा बिगड़ गया जब रविवार को कुछ लोगों द्वारा उसी स्थान पर दोबारा शेड बनाने की कोशिशें शुरू की गईं. रिहायशी सोसाइटी के दूसरे गुट ने इस निर्माण का तुरंत और कड़ा विरोध किया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही मिनटों में झड़प में तब्दील हो गई.

भारी पुलिस बल की हुई तैनाती

घटना की सूचना मिलते ही मीरा रोड क्षेत्र के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों गुटों को एक-दूसरे से अलग किया और परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया. वर्तमान में किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी सोसाइटी के भीतर और बाहर कड़ा पहरा बैठा दिया गया है ताकि अमन-चैन कायम रहे.

पुलिस की शांति बनाए रखने की अपील

शांति व्यवस्था की कमान संभाल रहे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के प्रबुद्ध नागरिकों और निवासियों के साथ एक त्वरित बैठक की है. पुलिस ने सभी से त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था का सम्मान करने और शांति बनाए रखने की अपील की है. प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आगामी बकरीद का त्योहार बिना किसी नए विवाद या सामाजिक संघर्ष के पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाया जाना चाहिए.