Manish Sisodia: दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया 17 महीने बाद जेल से रिहा हो गए हैं. आज दोपहर सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें दिल्ली शराब नीति घोटाले से जुड़े CBI और EDमामले में जमानत दी थी. जेल से बाहर आते ही आम आदमी पार्टी के नेता ने सरकार पर जुबानी हमला किया है. उन्होंने कहा- "संविधान की ताकत से जल्द ही दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल जेल से बाहर आएंगे. तानाशाही कानून खत्म होगा."
जेल से रिहा होने के बाद आप समर्थकों से उन्होंने कहा कि सुबह जब से जमानत का आदेश आया है, मेरा रोम-रोम बाबासाहेब का ऋणी महसूस कर रहा है. मुझे समझ नहीं आ रहा कि बाबासाहेब का यह ऋण कैसे चुकाऊँगा. मनीष सिसोदिया ने तिहाड़ जेल के बाहर उनका स्वागत करने के लिए एकत्र हुए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया. रिहाई पर मनीष सिसोदिया ने भारत माता की जय के नारे लगाए. नारा लगाते हुए उन्होंने कहा- "भारत माता जी की जय! इंकलाब जिंदाबाद!"
जमानत मिलने पर आम आदमी पार्टी के समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संविधान की वजह से मुझे जमानत मिली है. और जल्द ही संविधान की ताकत से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी जेल से रिहा होंगे.
#WATCH | AAP leader Manish Sisodia says, "I have come out of jail due to your love, God's blessings & power of truth, and biggest of all, the dream of Babasaheb that if any dictatorial government comes to power and puts Opposition leaders behind bars by forming dictatorial laws,… pic.twitter.com/DCHDuVYGyE
— ANI (@ANI) August 9, 2024
मनीष सिसोदिया ने कहा- "मैं आपके प्यार, ईश्वर के आशीर्वाद और सत्य की शक्ति के कारण जेल से बाहर आया हूँ, और सबसे बड़ी बात, बाबासाहेब का सपना है कि अगर कोई तानाशाह सरकार सत्ता में आती है और तानाशाही कानून बनाकर विपक्षी नेताओं को सलाखों के पीछे डालती है, तो इस देश का संविधान उनकी रक्षा करेगा. मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ कि संविधान की इसी शक्ति से अरविंद केजरीवाल भी जेल से बाहर आएंगे."
सुप्रीम कोर्ट ने मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर फैसला सुनाते हुए कहा- "शराब केस में अब तक 400 से ज्यादा गवाह और हजारों दस्तावेज कोर्ट के सामने पेश किए जा चुके हैं. आने वाले दिनों में केस खत्म होने की दूर-दूर तक कोई संभावना नहीं लग रही है. ऐसे में मनीष सिसोदिया को हिरासत में रखना उनके स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार का उल्लंघन करना होगा."
मनीष सिसोदियो को सीबीआई ने भ्रष्टाचार के मामले में 26 फरवरी 2023 को गिरफ्तार किया था. वहीं, ईडी ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग केस में 9 मार्च 2023 को गिरफ्तार किया था. सिसोदिया ने 28 फरवरी को दिल्ली सरकार के मंत्री पद से इस्तीफा दिया था.