menu-icon
India Daily

भारत के दरवाजे पर फिर आकर खड़े हो गए हजारों बांग्लादेशी, BSF ने बॉर्डर पर ही रोका, देखें वीडियो

Bangladesh News: पड़ोसी देश में छात्र विरोधी आंदोलन के बाद बड़े पैमाने पर हिंसा हुई, प्रधानमंत्री को इस्तीफा देकर भारत की शरण लेनी पड़ी. इसके बाद नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद युनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार का गठन किया गया. हिंसा के कारण लाखों लोग प्रभावित हुए हैं. इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपना घर छोड़ा है जो शरण लेने के लिए भारत की ओर आ रहे थे, उन्हें बीएसएफ ने बॉर्डर पर ही रोक दिया.

India Daily Live
भारत के दरवाजे पर फिर आकर खड़े हो गए हजारों बांग्लादेशी, BSF ने बॉर्डर पर ही रोका, देखें वीडियो
Courtesy: Social Media

Bangladesh News: बांग्लादेश में शेख हसीना के इस्तीफे के बाद अल्पसंख्कों और हिंदू समुदाय के लोगों पर हिंसा की लगातार खबरें आ रही हैं. प्रदर्शनकारियों ने बड़े पैमाने पर अल्पसंख्यक घरों को आग के हवाले कर दिया है. लोग अपने घरों से दूर छिप-छिप कर रह रहे हैं. इस बीच पड़ोसी देश के हजारों लोग शुक्रवार को भारत-बांग्लादेश सीमा पर इकट्ठा हो गए.उन्हें सीमा सुरक्षा बलों BSF द्वारा जीरो प्वाइंट पर ही रोक दिया गया. कहा जा रहा है संभवत: यह लोग भारत आने की कोशिश कर रहे थे. 

भारत सरकार ने बनाई समिति 

बांग्लादेश में हिंदू और अल्पसंख्यक समुदाय पर हो रही हिंसा पर भारत सरकार की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है. गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि बांग्लादेश में अशांति और कानून-व्यवस्था की स्थिति के मद्देनजर भारत सरकार ने भारत -बांग्लादेश सीमा पर मौजूदा स्थिति की निगरानी के लिए समिति का गठन किया है. यह समिति मुख्य रूप से पड़ोसी देश में अल्पसंख्यक समुदायों के लोगों के साथ-साथ भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बांग्लादेश में अपने समकक्ष अधिकारियों के साथ संचार चैनल बनाए रखने के लिए काम करेगी. 

गृह मंत्रालय ने अपनी विज्ञप्ति में कहा कि समिति की अध्यक्षता सीमा सुरक्षा बल (BSF), पूर्वी कमान के एडीजी करेंगे और इसमें आईजी, बीएसएफ फ्रंटियर मुख्यालय दक्षिण बंगाल, आईजी, बीएसएफ फ्रंटियर मुख्यालय त्रिपुरा, सदस्य (योजना एवं विकास), भारतीय भूमि बंदरगाह प्राधिकरण (LPAI) और सचिव, एलपीएआई इसके सदस्य होंगे. 

मोहम्मद युनुस के नेतृत्व में बनी सरकार 

नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस ने गुरुवार को एक नई अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने के लिए शपथ ली है. उन्होंने शपथ लेने के बाद आंदोलनकारियों से धैर्य रखने की अपील की है. इसके अलावा उन्होंने कहा है कि अल्पसंख्यक समुदाय को चोट ना पहुंचाई जाए. युनुस के नेतृत्व वाली सरकार हफ्तों तक चले छात्र विरोधी आंदोलन के बाद बनी है. इन विरोध प्रदर्शन की वजह से प्रधानमंत्री शेख हसीना को अपने पद से इस्तीफा देकर भारत आना पड़ा था.