कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को दिल्ली के शराब घोटाले पर आम आदमी पार्टी (आप) के शीर्ष नेतृत्व पर जोरदार हमला किया. उन्होंने पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को इस घोटाले का ‘मुख्य आर्किटेक्ट’ बताया और कहा कि सिसोदिया ने अपनी परंपरागत सीट पटपड़गंज छोड़कर जंगपुरा से चुनाव लड़ने का फैसला किया है.
राहुल गांधी ने पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा में आप नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘यहां पहले मनीष सिसोदिया चुनाव लड़ते थे, जिन्होंने अरविंद केजरीवाल के साथ मिलकर शराब घोटाले को अंजाम दिया. अब वह डर के मारे पटपड़गंज से भाग गए और जंगपुरा से लड़ रहे हैं.’ उन्होंने जनता से अपील की कि वे कांग्रेस उम्मीदवार चौधरी अनिल कुमार को समर्थन देकर भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़े हों.
तीन बार पटपड़गंज से विधायक रहे मनीष सिसोदिया इस बार जंगपुरा से चुनाव लड़ रहे हैं. उनकी जगह आम आदमी पार्टी ने पटपड़गंज से अवध ओझा को टिकट दिया है. दूसरी ओर, कांग्रेस से चौधरी अनिल कुमार और भाजपा से रवींद्र नेगी इस सीट पर चुनावी मैदान में हैं.
राहुल गांधी ने केजरीवाल और सिसोदिया पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में शराब घोटाले के जरिए जनता के विश्वास के साथ धोखा किया. उन्होंने कहा, ‘यह घोटाला जनता के साथ विश्वासघात है, और अब घोटाले के आरोपी अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं.'
राहुल ने सभा में मौजूद लोगों से कहा, ‘अनिल चौधरी एक सच्चे नेता हैं, उनका समर्थन कीजिए और भ्रष्टाचार को समाप्त करने में मदद करें.'
(इस खबर को इंडिया डेली लाइव की टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की हुई है)