menu-icon
India Daily

जादू-टोने की अफवाह पर भीड़ ने महिला पर किया हमला, पत्नी को बचाते हुए पति की मौत

गुजरात के साबरकांठा जिले की विजय नगर तालुका के गदिवकड़ा गांव में कुछ लोगों ने एक आदमी को पीट-पीटकर मार डाला. जानिए क्या है मामला…

Shilpa Shrivastava
जादू-टोने की अफवाह पर भीड़ ने महिला पर किया हमला, पत्नी को बचाते हुए पति की मौत
Courtesy: Pinterest

साबरकांठा: गुजरात के साबरकांठा जिले की विजय नगर तालुका के गदिवकड़ा गांव में कुछ लोगों ने एक आदमी को पीट-पीटकर मार डाला. यह हमला अंधविश्वास और झूठी अफवाहों के चलते हुआ. इस हमले में जिस व्यक्ति को मारा गया है, उसकी पत्नी कमलाबेन पर डायन होने का आरोप लगाया गया था. बता दें कि गांव वालों ने कमलाबेन के खिलाफ अफवाहें फैलानी शुरू कर दीं. 

गांव के लोगों ने कहा कि मनुभाई रामजीभाई दामोर और उनकी पत्नी तुरंत अपना सामान बांधें और हमेशा के लिए गांव छोड़कर चले जाएं. हालांकि, परिवार ने बात नहीं मानी और हालात हिसंक हो गए. इसके बाद गांव के लोग अचानक उनके घर पहुंच गई और अचानक पत्थर फेंकने लगे.

गांव वालों ने परिवार पर कर दिया हमला:

गांव वालों ने कमलाबेन पर हमला करने की कोशिश की. अपनी पत्नी को खतरे में देखकर, मनुभाई अपने बच्चों के साथ उसे बचाने के लिए आगे आए. इससे भीड़ और नाराज हो गई और परिवार पर धारदार हथियारों से हमला शुरू कर दिया. इस झड़प में मनुभाई के सिर पर गंभीर चोटें आईं. उन्हें तुरंत पास के एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बता दें कि इस हमले में परिवार के दो अन्य सदस्य भी घायल हो गए.

पुलिस ने की कार्रवाई:

पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है. खेड़ब्रह्मा डिवीजन के पुलिस उपाधीक्षक कुलदीप नाई ने बताया कि हत्या में कथित भूमिका के लिए 12 गांव वालों (8 पुरुष और 4 महिला) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस बाकी के आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रही हैं. स्थानीय अधिकारियों और पुलिस पर अब पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाने और गांव में आगे किसी भी तरह की हिंसा को रोकने का दबाव है.