menu-icon
India Daily

मुंबई में चार मंजिला इमारत गिरी; 2 लोगों का रेस्क्यू, अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका

Maharashtra Rain Updates: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई समेत राज्य के अन्य हिस्सों में बारिश का दौर जारी है. बारिश के बीच शनिवार को नवी मुंबई के शाहबाज गांव में तीन मंजिला एख इमारत ढह गई. बिल्डिंग के गिरने के बाद इसके मलबे से अब तक दो लोगों को निकाला जा चुका है, जबकि कई लोगों के फंसे होने की आशंका है. फिलहाल, एनडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

India Daily Live
मुंबई में चार मंजिला इमारत गिरी; 2 लोगों का रेस्क्यू, अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका
Courtesy: Social Media

Maharashtra Rain Updates: नवी मुंबई के बेलापुर में बड़ा हादसा हुआ है. यहां सेक्टर 19 के शाहबाज गांव में एक चार मंजिला इमारत ढह गई है. हादसा सुबह करीब 4.30 बजे हुआ. गनीमत रही कि इमारत गिरने से पहले निवासी सड़क पर भाग गए. जानकारी के मुताबिक, कुछ लोगों ने बिल्डिंग के गिरने से पहले वहां के लोगों को सतर्क कर दिया था, जिससे समय रहते लोगों ने बिल्डिंग को खाली कर दिया था. हालांकि, गिरी हुई बिल्डिंग के मलबे में कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है. फिलहाल, मौके पर एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है.

इमारत गिरने की सूचना मिलने के बाद दमकलकर्मी और पुलिस मौके पर पहुंची. फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर जारी है. बताया गया है कि मलबे में दो लोग फंसे हुए हैं और बाकी सभी सुरक्षित हैं. बचाव दल की कड़ी मेहनत के बाद मलबे में फंसे दो लोगों को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया गया है.

बेलापुर इलाके के शाहबाज गांव में 4 मंजिला आवासीय इमारत है. इस बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर एक सैलून है. शनिवार सुबह करीब 5 बजे सैलून मालिक को अचानक इमारत में कंपन महसूस हुआ. इसके बाद वो चिल्लाने लगा. उसकी आवाज सुनकर बिल्डिंग में मौजूद लोग समय रहते बाहर आ गए. वहीं, स्थानीय लोगों ने भी समय रहते बिल्डिंग के अंदर मौजूद लोगों को खोजकर उन्हें बाहर निकाल लिया, लेकिन बिल्डिंग के गिरने के बाद चार लोगों के अंदर फंसे होने की जानकारी दी गई. 

कुछ दिन पहले ग्रांट रोड इलाके में ढह गई थी एक इमारत

करीब एक हफ्ते पहले मुंबई के ग्रांट रोड में रेलवे स्टेशन के पास स्लेटर रोड पर रुबिनिसा मंजिल नाम की चार मंजिला इमारत ढह गई थी. इस आवासीय इमारत का एक हिस्सा गिर गया था. बिल्डिंग के एक हिस्से के गिरने के बाद इसके चपेट में आने से एक महिला की दबकर मौत हो गई थी, जबकि सात-आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गये थे.

महाराष्ट्र में आज भी बारिश की चेतावनी

महाराष्ट्र में आज भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. आज कोंकण, मध्य महाराष्ट्र के घाटमाथा और पूर्वी विदर्भ में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है. मौसम विभाग ने विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है. नासिक जिले में जारी बारिश के कारण गोदावरी नदी में बाढ़ आ गई है. 

उधर, कोल्हापुर जिले में भारी बारिश हो रही है और बाढ़ का पानी शहर में घुस गया है. कोल्हापुर के केंद्रीय स्थान यानी वीनस कॉर्नर क्षेत्र में, सीपीआर से महावीर कॉलेज रोड जयंती नाले में पानी है और यातायात को वैकल्पिक मार्ग से मोड़ दिया गया है.

पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण सांगली जिले में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. लगातार बारिश और बांध से डिस्चार्ज के कारण कृष्णा का जलस्तर बढ़ रहा है. संभावित बाढ़ के खतरे को भांपते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है और एनडीआरएफ की टीम जिले में प्रवेश कर गयी है.

बिजली के साथ बारिश की चेतावनी कहां है?

मौसम विभाग ने बुलदाना, अकोला, वाशिम, अमरावती, वर्धा, यवतमाल में बिजली गिरने के साथ बारिश की चेतावनी दी है. ठाणे, मुंबई, कोल्हापुर, धुले, जलगांव, छत्रपति संभाजीनगर, नागपुर, भंडारा में भारी बारिश का येलो अलर्ट दिया गया है. रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सतारा, गोंदिया, चंद्रपुर, गढ़चिरौली में ऑरेंज अलर्ट दिया गया है.