menu-icon
India Daily

सीएम बनते ही सुवेंदु अधिकारी ने लिया अपने पीए की हत्या का बदला! यूपी से गिरफ्तार हुआ मर्डर का मास्टरमाइंड

कोलकाता में सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में पुलिस ने यूपी और बिहार से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. टोल प्लाजा पर किए गए UPI भुगतान और CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंचने में पुलिस को सफलता मिली

KanhaiyaaZee
सीएम बनते ही सुवेंदु अधिकारी ने लिया अपने पीए की हत्या का बदला! यूपी से गिरफ्तार हुआ मर्डर का मास्टरमाइंड
Courtesy: Social Media

कोलकाता: बंगाल में चुनावी नतीजे घोषित होने के दो दिन बाद हुई सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. अब जबकि सुवेंदु राज्य के सीएम बन गए हैं, तब पुलिस ने उनके पीए की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार कर बिहार से भी दो आरोपियों को धर दबोचा है और पूछताछ शुरू कर दी है. उम्मीद की जा रही है कि पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा करेगी.

दरअसल, 4 मई को बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हुए थे, जिसमें बीजेपी को प्रचंड जीत हासिल हुई. राज्य के बीजेपी कार्यकर्ता अभी जश्न में डूबे ही थे कि 6 मई को नॉर्थ 24 परगना के मध्यग्राम में नकाबपोश हमलावरों ने चंद्रनाथ की एसयूवी रोककर उनकी हत्या कर दी थी. मृतक चन्द्रनाथ सुवेंदु अधिकारी के पीए थे, जिससे इस मामले ने तूल पकड़ लिया और लोग मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे.

पीए की हत्या पर क्या कहा था सुवेंदु ने?

अपने पीए की हत्या के बाद सुवेंदु ने इस मामले को सुनियोजित हत्या बताया था और कहा था कि सरकार गठन के बाद अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा. अब जबकि उन्होंने सीएम के रूप में राज्य की कमान संभाल ली है, तब इस मामले में यूपी के बलिया से एक अहम गिरफ़्तारी हुई है.

चंद्रनाथ रथ की हत्या के आरोप में यूपी के बलिया के राज सिंह उर्फ चंदन को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बिहार के बक्सर से मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य को भी हिरासत में लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है.

Kolakata PA Murder Case Accused
Kolakata PA Murder Case Accused Social Media

इस एक गलती की वजह से पुलिस ने अपराधियों को दबोचा

पुलिस के मुताबिक शूटरों ने वारदात के बाद भागते समय बाली टोल प्लाजा पर यूपीआई (UPI) के जरिए टोल टैक्स का भुगतान किया था, जिससे पुलिस उनके मोबाइल नंबर तक पहुंच गई. इसी ट्रांजैक्शन से जुड़े मोबाइल नंबर को ट्रैक कर पुलिस आरोपियों तक पहुंची. चूंकि टोल प्लाजा पर हाई डेफिनिशन कैमरे लगे होते हैं, जिससे आरोपियों के चेहरे भी बेनकाब हो गए और पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस को चकमा देने के लिए बदमाशों ने की थी फूल प्रूफ प्लानिंग

हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए सिल्वर रंग की हैचबैक कार पर सिलीगुड़ी की एक असली कार की फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी. जांच में यह भी सामने आया है कि अपराधियों ने ऑनलाइन सेल पोर्टल से एक कार की फोटो देखकर उसकी क्लोन नंबर प्लेट तैयार की थी, जिससे वो जांच एजेंसियों को धोखा दे सके. लेकिन पुलिस ने अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया और गिरफ्तार कर घटना के खुलासे की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा दिया है.

आरोपियों की गिरफ़्तारी पर पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस के मुताबिक यूपी के बलिया से गिरफ्तार राज सिंह उर्फ चंदन, इस घटना का मुख्य आरोपी है. आरोपी क्षत्रिय महासभा का महासचिव भी है और उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है. राज सिंह उर्फ चंदन पर साल 2020 में एक अंडा व्यवसायी की हत्या करने का आरोप है और इस मामले में वो जमानत पर था. उसके सोशल मीडिया पर कई बड़े नेताओं के साथ फोटो भी मौजूद हैं. राज सिंह बलिया के एक भाजपा नेता की बेटी की शादी में शामिल होने लखनऊ गया था, जहां से लौटते समय उसे अयोध्या में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.