केरलम के लिए आज से नया दौर शुरू होने वाला है. मुख्यमंत्री पद के लिए नामित वीडी सतीशन के साथ-साथ आज 20 मंत्री भी शपथ लेंगे. जिनमें 11 कांग्रेस के और 5 उसके सहयोगी दल, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के हैं. आज यानी सोमवार को तिरुवनंतपुरम में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया है.
केरलम विधानसभा चुनाव में UDF को शानदार जीत मिली थी. राज्य की 140 सीटों में से 102 सीटों पर जीत पाने के बाद पिनाराई विजयन के नेतृत्व वाली लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट सरकार को सत्ता से बेदखल कर दिया. इस चुनाव में एलडीएफ को केवल 35 सीटों पर ही जीत मिली थी. वहीं बीजेपी केवल 3 सीटों पर सिमट गई.
वीडी सतीशन ने लोक भवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को मंत्रियों की सूची सौंप दी है. इसके बाद उन्होंने कहा कि दो दिनों तक चले गहन चर्चाओं के बाद इन नामों को फाइनल कर दिया गया है. जिसमें गठबंधन के भीतर सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान रखा गया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 63 विधायकों में कई योग्य नेता हैं, जिन्हें दुर्भाग्यवश हम समायोजित नहीं कर पाए. एक पार्टी के तौर पर, कांग्रेस को सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का भी ध्यान रखना होता है. सभी बातों को ध्यान में रखते हुए यह सूची पार्टी के बरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श करके फाइनल की गई है.
बता दें कि चुनाव के नतीजे आने के बाद सतीशन को कांग्रेस विधायक दल का नेता नामित किया गया था. हालांकि इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला और AICC के महासचिव केसी वेणुगोपाल भी सीए पद के दावेदार थे. लेकिन पार्टी ने सतीशन पर भरोसा जताया. पार्टी की ओर से 14 मई को वीडी सतीशन का नाम सीएम के लिए ऐलान कर दिया गया, जिसके बाद आज शपथ ग्रहण होने जा रहा है. मिल रही जानकारी के मुताबिक सतीशन के मंत्रिमंडल में 14 सदस्य ऐसे होंगे, जिन्हें पहली बार मंत्री बनाया जाएगा. इनमें से दो महिलाओं का भी नाम शामिल है. इस शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत पार्टी के बड़े नेताओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है.