हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने शनिवार को दिशा (DISHA) समिति की बैठक के दौरान अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई. उन्होंने सांसद निधि (MPLADS) का पैसा विकास कार्यों में इस्तेमाल न होने और धीमी प्रगति पर कड़ा ऐतराज जताया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कंगना बेहद गुस्से में नजर आ रही हैं. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मुझे फालतू के जुमले मत दो, हर बैठक में मुझे यही सुनने को मिलता है. उन्होंने ब्लॉक डेवलपमेंट अफसरों (BDO) से देरी पर सवाल किया और खर्च की रिपोर्ट मांगी.
कंगना रनौत ने मंडी में हुई दिशा बैठक में अधिकारियों की क्लास लगाते हुए सांसद निधि के पैसे खर्च करने में हो रही देरी पर सवाल उठाया और जनता के काम में तेजी लाने को कहा।#KanganaRanaut #MandiNews #ViralNews #HimachalPradesh #MPFund #BreakingNews #IndiaDaily24x7 pic.twitter.com/3BCpAatSL8
— India Daily 24x7 (@IndiaDaily_24X7) September 5, 2026
कंगना ने बताया कि उनके सांसद फंड में करीब 11 करोड़ रुपये उपलब्ध थे, लेकिन अधिकारियों ने सिर्फ 50 लाख रुपये के आसपास ही खर्च किए हैं. उन्होंने कहा कि उनसे बैठक में दावा किया गया था कि 90% फंड इस्तेमाल हो चुका है, जो जमीनी हकीकत से बिल्कुल मेल नहीं खाता.
भाजपा सांसद ने एजेंसियों की रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि 30 से 40 प्रतिशत फंड गलत लोगों में बांट दिया गया, जिसकी रिकवरी भी नहीं हो पा रही है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अधिकारी तो उनसे भी बेहतर एक्टिंग कर लेते हैं.
बैठक के दौरान कंगना ने तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई. उन्होंने कहा कि लोग लंबित परियोजनाओं पर रोज रील्स बना रहे हैं और अधिकारी हंस रहे हैं. उन्होंने सभी लंबित विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए.