जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में शनिवार को सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का पाकिस्तानी कमांडर यासिर मारा गया. यह मुठभेड़ युसमर्ग के ऊपरी इलाकों में हुई.
इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सटीक खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था. 53 राष्ट्रीय राइफल्स और स्पेशल फोर्सेस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आतंकी को घेर लिया.
सूत्रों के अनुसार, यासिर पहले लश्कर के सुलेमान मूसा गिरोह का हिस्सा था, लेकिन करीब एक साल पहले वह अलग होकर स्वतंत्र रूप से काम करने लगा था. सुरक्षा एजेंसियां काफी समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं.
सुलेमान मूसा उर्फ हाशिम मूसा 2025 के पहलगाम आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता था. उसे भारतीय सुरक्षा बलों ने श्रीनगर के दाचीगाम जंगली इलाके में एक एनकाउंटर के दौरान मार गिराया था.
कमांडर यासिर के मारे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां उसके नेटवर्क, अन्य लश्कर आतंकियों से संबंधों और हालिया आतंकी गतिविधियों में उसकी भूमिका की जांच कर रही हैं.