गुजरात के वलसाड जिले एक चौंका देने वाली खबर ने हड़कंप मचा दिया है. यहां पुलिस ने एक ऐसे चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसने अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और अनोखे तरीकों से पुलिस को भी चौंका दिया है. यह गैंग महंगी टोयोटा फॉर्च्यूनर कार में घूमकर पॉश इलाकों के आलीशान बंगलों को निशाना बनाता था. मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि गिरोह के मुख्य आरोपी रिश्ते में जीजा और साली लगते हैं. दोनों महाराष्ट्र के नासिक में एक शानदार फार्महाउस में रह रहे थे, जहां से पुलिस ने उन्हें धर दबोचा है.
पुलिस की जांच में पता चला है कि ये हाईप्रोफाइल चोर महंगी गाड़ियों का इस्तेमाल करते थे और रईस इलाकों की रेकी करते थे. इसके बाद सुनसान समय देखकर आलीशान बंगलों में चोरी की वारदात को बखूबी अंजाम देते थे. पुलिस की मानें तो गिरोह ने वापी के पॉश गुंजन इलाके में एक अधिकारी के बंगले को निशाना बनाया था. आरोपी पहले किचन का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे और अलमारी में रखे सोने के जेवर चोरी कर बड़ी सफाई से फराक गो दए. इस मामले में तकरीबन 1 लाख 62 हजार रुपये के गहने चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी.
जब वलसाड लोकल क्राइम ब्रांच और वापी जीआईडीसी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो लगातार तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस को अहम सुराग मिल गए. जांच के दौरान पता चला कि चोरी को अंजाम देने वाले आरोपी महाराष्ट्र से जुड़े हैं. इसके बाद पुलिस की टीम ने नासिक में एक फार्महाउस पर छापेमार कार्रवाई की. वहां से 50 वर्षीय राजू दुयोधन कालमेध और 35 वर्षीय सोनिया श्रीराम पाटील को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में दोनों ने करीब 20 दिन पहले चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली है.
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले से कई मामलों में शामिल रह चुके हैं. चोरी के पैसों से उन्होंने अच्छी-खासी प्रोपर्टी भी बना ली थी और आलीशान जिंदगी जी रहे थे. पुलिस ने जिस फार्महाउस से दोनों को पकड़ा है वह भी उनका ही बताया जा रहा है. इसके अलावा आरोपियों का एक और घर होने की जानकारी पुलिस को मिली है. अधिकारियों से मिली जानकारी अनुसार आरोपी खुद को कारोबारी दिखाकर लोगों के बीच रहते थे ताकि किसी को उन पर शक न हो.
पुलिस को छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की टोयोटा फॉर्च्यूनर कार, 3 लाख 40 हजार रुपये की नकद, चार मोबाइल फोन और चोरी के औजार बरामद मिले हैं. इसके अलावा एक महंगी राडो घड़ी भी पुलिस ने जब्त की है. बरामद सामान की कुल कीमत करीब 34 लाख रुपये बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है.