तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा विवादों में लगातार घिरी रहती हैं. एक बार फिर अपने सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने विवादित आरोप लगाए हैं. दिल्ली जाने वाली इंडिगो फ्लाइट में उन्होंने बदसलूकी और उत्पीड़न का आरोप लगाया है. महुआ ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर कहा कि कुछ लोगों ने उन्हें घूरा, जय श्री राम के नारे लगाए और वीडिसो भी बनाया. मामले को लेकर उन्होंने इंडिगो एयरलाइन और केंद्रीय उड्डयन मंत्री से सख्त कार्रवाई की मांग की है.
महुआ मोइत्रा ने बताया कि वह संसदीय रक्षा मामलों की स्थायी समिति की बैठक में शामिल होने के लिए इंडिगो की फ्लाइट 6ई-719 से दिल्ली जा रही थी. वह विमान में सीट 1F पर बैठी थी. इसी दौरान 4 से 6 लोग एक साथ विमान में दाखिल हुए और उन्हें लगातार घूरते रहे. महुआ का आरोप है कि वे लोग विमान के पिछले हिस्से में जाकर बैठ गए. सांसद ने कहा कि उन्होंने शुरुआत में स्थिति को नजरअंदाज किया, लेकिन बाद में घटनाएं बढ़ती चली गईं.
टीएमसी सांसद ने आरोप लगाया कि फ्लाइट के दिल्ली पहुंचने के बाद विमान का दरवाजा खुलने से पहले कुछ यात्रियों ने उनके सामने नारे लगाए. महुआ के मुताबिक उन लोगों ने “जय श्री राम” के नारे लगाते हुए उन्हें परेशान करने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि यह सामान्य राजनीतिक विरोध नहीं था, बल्कि जानबूझकर डराने और मानसिक रूप से परेशान करने की कोशिश थी. महुआ ने दावा किया कि उन लोगों ने उनका वीडियो भी रिकॉर्ड किया.
ALERT! i travelled to Delhi today on official work to attend meeting of Parliamentary Standing Committee on Defence. Was on seat 1F on 6E 719. 4-6 men boarded in a group & leered at me & went to back of plane. When flight landed & before doors opened this is what they did &… pic.twitter.com/QE0SwrUY8I
— Mahua Moitra (@MahuaMoitra) May 7, 2026
महुआ मोइत्रा ने इसका पूरा वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया. वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि विमान यात्रा के दौरान किसी महिला सांसद के साथ ऐसा व्यवहार बेहद चिंताजनक है. उन्होंने लिखा कि यह सिविक एंगर नहीं बल्कि सीधा उत्पीड़न था. वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मिडिया पर इस घटना को लेकर बहस तेज हो गई.