नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के पहले दिन ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नहयान के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. पश्चिम एशिया में जारी हालिया संघर्ष और तनाव के बाद से दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच यह अब तक की सबसे उच्च स्तरीय वार्ता मानी जा रही है.
अबू धाबी मीडिया ऑफिस के अनुसार, दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों के साथ-साथ तनाव घटाने, स्थिरता बनाए रखने और क्षेत्र में विकास को बढ़ावा देने पर गहन चर्चा की. इस बातचीत में मध्य पूर्व में स्थायी शांति स्थापित करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों को तेज करने पर बल दिया गया.
यह द्विपक्षीय मुलाकात ब्रिक्स सदस्य देशों द्वारा जारी उस संयुक्त घोषणापत्र के ठीक बाद हुई, जिसमें पश्चिम एशिया युद्ध में सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की गई थी. ईरान और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) दोनों ने इस साझा बयान का समर्थन किया है, जिससे यह संकेत मिलता है कि क्षेत्रीय तनाव के बावजूद दोनों देशों के बीच कूटनीतिक प्रगति की संभावनाएं मजबूत हो रही हैं.