लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण की वोटिंग खत्म होते ही आज शाम को एग्जिट पोल आने शुरू हो जाएंगे. बदलती टेक्नोलॉजी के साथ AI इन दिनों खूब चर्चा में है. इंडिया डेली लाइव इस लोकसभा चुनाव में इतिहास रचने जा रहा है और पहली बार AI वाला एग्जिट पोल लेकर सामने आ रहा है. शाम 5 बजे से आप इस एग्जिट पोल के जरिए समझ सकेंगे कि भारत के आम चुनाव में इस बार किसकी जीत होने वाली है. आज शाम को वोटिंग खत्म होने के बाद ही एग्जिट पोल जारी किए जा सकेंगे. इस बार भी कई अन्य एजेंसियां एग्जिट पोल लेकर आ रही हैं जिनमें इस चुनाव के नतीजों पर एक अनुमान जारी किया जाएगा.
लोकसभा के चुनाव इस बार 7 चरण में कराए गए हैं और आखिरी चरण की वोटिंग आज है. नियमों के मुताबिक, अगर कई चरण में चुनाव होते हैं तो एग्जिट पोल के नतीजे आखिरी चरण की वोटिंग के बाद ही दिखाए जा सकते हैं. अगर इन नियमों का उल्लंघन किया जाता है तो कानून कार्यवाही की जा सकती है और उल्लंघन करने वाले को सजा भी हो सकती है. यही वजह है कि तमाम एजेंसियां हर चरण के बाद लोगों की राय जुटाती हैं लेकिन उन्हें जारी आखिर में ही किया जाता है.
साल 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद आए एग्जिट पोल्स की बात करें तो ज्यादातर एग्जिट पोल सच साबित हुए थे. लगभग सभी एग्जिट पोल में बीजेपी और उसकी अगुवाई वाले NDA गठबंधन की जीत दिखाई गई थी. जब चुनाव नतीजे सामने आए तो बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी और नरेंद्र मोदी एक बार फिर से प्रधानमंत्री बन गए थे.
इस बार भी NDA गठबंधन के तहत बीजेपी और उसकी सहयोगी पार्टियां चुनाव लड़ रही हैं. वहीं, कांग्रेस की अगुवाई में विपक्षी INDIA गठबंधन सत्ताधारी बीजेपी को चुनौती दे रहा है. कांग्रेस नेताओं का दावा है कि इस बार INDIA गठबंधन सरकार बनाने जा रहा है. वहीं, बीजेपी का दावा है कि वह हैट्रिक लगा रही है.