अनंतपुर: आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में स्कूल के अंदर दो छात्राओं पर हेमंत नाम के व्यक्ति ने आरा-मशीन से हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी रविवार को गिरफ्तारी से बचने के लिए जंगल में भागने की कोशिश कर रहा था. इस दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर भी हमला किया, जिसके बाद पुलिस ने उस पर छह राउंड फायरिंग की. आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
बता दें कि यह घटना 31 अक्टूबर को राप्टाडु स्थित जिला परिषद सरकारी हाई स्कूल में हुई थी. आरोपी ने दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली दो छात्राओं पर चेनसॉ यानी आरा-मशीन से हमला किया था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी एक छात्रा से शादी करना चाहता था. छात्रा के शादी के प्रस्ताव को ठुकराने के बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया.
हमले में पहली छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे बचाने के लिए आगे आई और वो भी हमले की चपेट में आ गई. वो भी बुरी तरह घायल हो गई. पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए कई विशेष टीमें बनाई थीं. सूचना मिलने पर पुलिस की टीमें आत्मकुर के जंगल क्षेत्र में पहुंचीं, जहां आरोपी को पकड़ने की कोशिश की गई.
हमले में सबसे ज्यादा घायल हुई छात्रा को बेहतर इलाज के लिए बेंगलुरु के अस्पताल में शिफ्ट किया गया है. उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं. रिपोर्ट के अनुसार, हमले में उसका दाहिना हाथ पूरी तरह कट गया है. इसके अलावा चेहरे, गर्दन, सिर और पसलियों में भी गंभीर चोटें आई हैं.
आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव ने बताया कि छात्रा को पहले अनंतपुर सरकारी जनरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया था. इसके बाद डॉक्टरों की एक टीम के साथ उसे ग्रीन कॉरिडोर के जरिए बेंगलुरु भेजा गया, ताकि बिना देरी के बेहतर इलाज मिल सके.
डॉक्टरों की रिपोर्ट के अनुसार, छात्रा को कई हड्डियों में फ्रैक्चर, नसों और टेंडन में चोट तथा शरीर के अलग-अलग हिस्सों में गहरे घाव आए हैं. फिलहाल उसका इलाज जारी है. इस घटना ने स्कूलों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.