menu-icon
India Daily

लोगों को भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, IMD ने कर दी मूसलाधार बारिश की भविष्यवाणी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी है. 29 अप्रैल को असम-मेघालय में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
लोगों को भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, IMD ने कर दी मूसलाधार बारिश की भविष्यवाणी
Courtesy: pinterest

अगर आप उत्तर-पूर्व या पूर्वी भारत में रहते हैं, तो आपको अगले कुछ दिनों के लिए थोड़ा सतर्क रहने की जरूरत है. मौसम विभाग (IMD) ने इन राज्यों में भारी से लेकर अति भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. बुधवार को जारी बुलेटिन के मुताबिक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में मौसम बेहद खराब रहने वाला है. हवाएं 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी. 

असम-मेघालय और बंगाल में रेड अलर्ट

IMD ने सबसे गंभीर चेतावनी 29 अप्रैल के लिए जारी की है. इस दिन असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर अति भारी वर्षा हो सकती है. यानी 24 घंटे में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश. ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव, सड़कों के बंद होने और भूस्खलन की आशंका रहेगी. वहीं सप्ताह के दौरान पूरे पूर्वोत्तर और बंगाल के पहाड़ी इलाकों में व्यापक स्तर पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने निवासियों से अपील की है कि वे तूफान के दौरान घरों के अंदर ही रहें और बिजली चमकने पर खुले मैदान या पेड़ों के नीचे जाने से बचें.  

पूर्वी उत्तर प्रदेश से बिहार की ओर बढ़ा तूफान  

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश पर सक्रिय एक शक्तिशाली तूफानी सिस्टम धीरे-धीरे बिहार की ओर बढ़ रहा है. इसके चलते बिहार के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक हो सकती है. वहीं झारखंड पर सक्रिय दूसरा सिस्टम गंगीय पश्चिम बंगाल (हावड़ा, हुगली, मेदिनीपुर जैसे जिले) की तरफ बढ़ रहा है. इन इलाकों में अचानक से मौसम बिगड़ सकता है. आम जनजीवन, विशेषकर सड़क और रेल यातायात बाधित होने की आशंका है. अधिकारियों को सलाह दी गई है कि वे आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें.  

सतर्क रहें लोग

IMD ने लोगों के लिए स्पष्ट और सरल सलाह जारी की है. तूफान के दौरान घर के अंदर ही रहें. बिजली गिरने पर खुले मैदान या किसी ऊंचे पेड़ के नीचे बिल्कुल न जाएं. अगर यात्रा करना बेहद जरूरी हो, तो अत्यधिक सतर्कता बरतें. तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण पेड़ गिर सकते हैं, बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो सकते हैं और सड़क पर फिसलन बढ़ सकती है. मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ दिनों में स्थितियां तेजी से बदल सकती हैं, इसलिए लगातार आधिकारिक अपडेट पर नजर रखें.  

शिमला में बढ़ी ठंडक, मैदानों में गर्मी से राहत

जहां पूर्व और पूर्वोत्तर में भारी बारिश की चेतावनी है, वहीं हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है. शिमला में मंगलवार को हुई ताजा बारिश ने बढ़ते तापमान से राहत दी है. मैदानी इलाकों में 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पारा चल रहा है, ऐसे में पहाड़ों की सैर करने आए पंजाब, हरियाणा और दक्षिण भारत के पर्यटक ठंडी हवाओं और बारिश के बाद हुए सुहावने मौसम का खूब लुत्फ उठा रहे हैं. मौसम विभाग ने हिमाचल में अगले 48 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है.

Topics