गुवाहाटी: असम के गुवाहाटी में अपनी पत्नी की हत्या के आरोपी रामानुज गोस्वामी की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सोमवार सुबह कस्टडी से भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई. गंभीर रूप से घायल गोस्वामी की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
बता दें कि यह मामला 6 सितंबर को सामने आया था. गुवाहाटी के एक अपार्टमेंट में रहने वाले रामानुज गोस्वामी और उनकी 25 वर्षीय पत्नी रिया तालुकदार को पड़ोसियों ने करीब दो दिनों से नहीं देखा था. दोनों के मोबाइल फोन भी बंद थे. इसी बीच फ्लैट से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और काफी कोशिश के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो दरवाजा तोड़कर फ्लैट में प्रवेश किया.
पुलिस को फ्लैट के अंदर रिया तालुकदार का शव मिला. पुलिस के अनुसार, शव काफी खराब स्थिति में था. जांच के दौरान घर की तलाशी ली गई, जिसमें फ्रिज के अंदर एक पॉलीथिन बैग में महिला का कटा हुआ सिर भी बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने शव की पहचान रिया के रूप में की. पुलिस के मुताबिक, रिया और रामानुज की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी. शव मिलने के बाद से रामानुज फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी.
पुलिस के अनुसार, रामानुज ने रविवार देर रात (6 सितंबर) पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था. इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया. इसके कुछ समय बाद उसे मेडिकल जांच के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) ले जाया जा रहा था.
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 2 बजे हाटीगांव पुलिस की टीम आरोपी को लेकर नरकासुर पहाड़ी के पास पहुंची थी. इसी दौरान गोस्वामी पुलिस वाहन से कूदकर भागने की कोशिश करने लगा. पुलिस का दावा है कि उसे रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई गई. गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया और नरकासुर पहाड़ी रोड पर उसकी मौत हो गई.