Gujarat High Profile Thief: गुजरात की वालसाड पुलिस ने एक ऐसे चोर को गिरफ्तार किया है, जिसकी लग्जरी लाइफ के बारे में सुनकर आपको जलन होने लगेगी. पकड़ा गया चोरी का आरोपी एक करोड़ रुपये के फ्लैट में किराए पर रहता था. चोरी के लिए वो फ्लाइट से आना-जाना करता था. चोरी के पहले और बाद में वो उसी शहर में फाइव स्टार होटल में रुकता भी था.
पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया हाई प्रोफाइल चोर अलग-अलग राज्यों के शहरों में पॉश कॉलोनियों में ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था. पुलिस को जैसे ही इस चोर के बारे में जानकारी मिली तो पुलिस ने 5 दिन की रेकी के बाद आरोपी को पकड़ लिया. वलसाड के पॉश इलाके में हुई चोरी की वारदात में मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई. बताया गया कि आरोपी मुंबई में रह रहा है. सूचना के आधार पर वलसाड एलसीबी की टीम ने 5 दिन की कड़ी मेहनत के बाद चोर को पकड़ लिया. आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में अलग-अलग राज्यों में चोरी की बात कबूली है.
वालसाड के एक पॉश कॉलोनी में आरोपी ने एक ही दिन में चोरी की 3 वारदातों को अंजाम दिया. पुलिस को जब सीसीटीवी मिला, तो आरोपी की पहचान नहीं हो पाई. इसके बाद वालसाड जिले से सटे महाराष्ट्र पुलिस टीम को सीसीटीवी फुटेज भेजकर एलसीबी टीम ने आरोपियों के बारे में जरूरी जानकारी हासिल की और आगे की जांच की. वलसाड एसपी डॉ. करणराज वाघेला के मार्गदर्शन में वलसाड एलसीबी पीआई उत्सव बारोट के नेतृत्व में एलसीबी की टीम को जानकारी मिली कि आरोपी मुंबई के एक पॉश इलाके में 1 करोड़ रुपये के आलीशान फ्लैट में किराए पर रहता है.
आरोपी ने 13 अलग-अलग राज्यों के शहरों में पॉश इलाकों में बंद फ्लैटों और बंगलों को निशाना बनाया है. उसने बताया कि दिन के दौरान, वो पॉश इलाकों में रैकी करता था और फिर दिन में ही चोरी की वारदात को अंजाम दे देता था. इसके बाद आरोपी फ्लाइट से दूसरे शहर या राज्य में चला जाता था.
आरोपी की पहचान रोहित कनुभाई सोलंकी के रूप में हुई है. उसके पिता की मौत के बाद मां ने दूसरी शादी कर ली थी. इसके बाद उसका नाम रोहित चेतन शेट्टी हो गया. फिर उसने मुंबई की एक बार गर्ल से शादी की और अपना नाम बदलकर अरहान चेतन शेट्टी रख लिया. पुलिस ने उसके पास से करीब 2 लाख रुपये के सोने की ज्वेलरी, कैश, मोबाइल, कीमती घड़ी, लोहे की रॉड बरामद की है. इसके अलावा, उसके पास से सफेद रंग की ऑडी कार भी बरामद की गई है.