menu-icon
India Daily

करियर बनाने का झांसा देकर कोच ने तीन साल तक किया नाबालिग ट्रेनी का रेप, ब्लैकमेल करने के लिए हर बार बनाता था वीडियो

वसई के फुटबॉल कोच अभिजीत मंडल ने कथित तौर पर एक 17 वर्षीय ट्रेनी का तीन साल तक रेप किया और अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
करियर बनाने का झांसा देकर कोच ने तीन साल तक किया नाबालिग ट्रेनी का रेप, ब्लैकमेल करने के लिए हर बार बनाता था वीडियो
Courtesy: X/@90ndstoppage

महाराष्ट्र के वसई से सनसनीखेज मामला सामने आया है. 36 वर्षीय फुटबॉल कोच अभिजीत मंडल पर अपनी ही 17 वर्षीय ट्रेनी के साथ तीन साल तक लगातार रेप करने का आरोप लगा है. आरोपी ने पीड़िता को फुटबॉल में करियर बनाने का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया. जब लड़की ने दूरी बनाने की कोशिश की तो कोच ने रेप के वीडियो दिखाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. आखिरकार पीड़िता ने परिवार संग पुलिस से शिकायत की.

लगातार तीन साल तक करता रहा रेप

जानकारी के अनुसार पीड़िता 2023 में अभिजीत के पास ट्रेनिंग लेने आई थी. आरोपी ने पहले उसका विश्वास जीता, फिर शारीरिक शोषण शुरू कर दिया. यह सिलसिला लगातार तीन साल तक चलता रहा. रेप करने के दौरान कोच अभिजीत हर बार पीड़िता का अश्लील वीडियो बनाता और फोटो खींचता था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इनका इस्तेमाल धमकी देने के लिए किया.

मुंह खोलने पर दी वीडियो वायरल करने की धमकी

जब पीड़िता ने आरोपी से दूरी बनानी चाही, तो मंडल ने उसे वीडियो दिखाकर परेशान करना शुरू कर दिया. वह कहता था कि अगर उसने किसी को बताया तो वीडियो वायरल कर दिए जाएंगे. लड़की डर के साये में जी रही थी, लेकिन आखिरकार उसने हिम्मत जुटाई.

आरोपी पर लगा POCSO एक्ट

आखिरकार, पीड़िता के परिवार ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. अब उस पर POCSO एक्ट के तहत रेप, यौन उत्पीड़न और आपराधिक धमकी की धाराएं लगाई गई हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

क्या अन्य लड़कियों को भी बनाया हवस का शिकार

इस मामले ने खेल अकादमियों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी का निजी फुटबॉल ट्रेनिंग सेंटर है. अब जांच की जा रही है कि क्या उसने दूसरी लड़कियों के साथ भी ऐसा किया है. पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है.