Delhi LS Elections 2024: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर पहले चरण में जानी 19 अप्रैल को वोटिंग होगी, जबकि नतीजे 4 जून को आएंगे. दिल्ली में 2019 में भी एक चरण में सभी 7 सीटों पर वोटिंग हुई थी. पिछली बार यानी 2019 के लोकसभा चुनाव में सभी 7 सीटों पर भाजपा ने कब्जा जमाया था.
दिल्ली में इस बार एक करोड़ 47 लाख 18 हजार 119 मतदाता, पार्टियों के उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे. 2019 के मतदाताओं के मुकाबले इस बार 4 लाख मतदाता बढ़े हैं.
चुनाव आयोग के मुताबिक, कुल मतदाताओं में पुरुष मतदाताओं की संख्या 79.86 लाख है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 67.30 लाख है. वहीं, थर्ड जेंडर के मतदाता 1,176 है. 2019 में मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 43 लाख 27 हजार 649 थी.
इस बार मुख्य मुकाबला भाजपा और INDIA गठबंधन के बीच है. भाजपा ने सभी 7 सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है, जबकि INDIA गठबंधन की ओर से आम आदमी पार्टी 7 में से चार सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है, वहीं कांग्रेस अपने हिस्से की 3 सीटों पर भी जल्द ही प्रत्याशियों की घोषणा करेगी.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस बार रोजगार, स्वच्छता, पानी और बिजली जैसे मुद्दे शामिल होंगे. आम आदमी पार्टी की ओर से अरविंद केजरीवाल ने हाल के कई रैलियों में रोजगार और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों की चर्चा की थी.
उधर, भाजपा भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार पर हावी रहेगा. दिल्ली शराब घोटाले को लेकर भाजपा लगातार आप और केजरीवाल पर हमलावर भी है. इस मामले में आम आदमी पार्टी के तीन बड़े नेता (संजय सिंह, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन) जेल में हैं.
दिल्ली की सभी 7 सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग हुई थी. जब नतीजे आए थे, तब सभी 7 सीटों पर भाजपा ने बाजी मारी थी. इसके अलावा, राष्ट्रीय राजधानी से सटे NCR वाली तीन सीटों (गाजियाबाद, गुरुग्राम और गौतमबुद्ध नगर) सीट पर भी भाजपा ने कब्जा जमाया था.
हालांकि, इस बार भाजपा ने दिल्ली की छह सीटों पर मौजूदा सांसदों की जगह नए चेहरों को मौका दिया है. एकमात्र लोकसभा सीट उत्तरी-पूर्वी दिल्ली से मौजूद सांसद मनोज तिवारी पर भरोसा जताया गया है.
भाजपा की ओर से उतारे गए नए चेहरों में चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल, नई दिल्ली से बांसुरी स्वराज, दक्षिणी दिल्ली से रामवीर सिंह बिधूड़ी और पश्चिम दिल्ली से कमलजीत सहरावत, पूर्वी दिल्ली से हर्ष मल्होत्रा, उत्तर पश्चिमी सीट से योगेंद्र चंदोलिया शामिल हैं.
दिल्ली से सटे NCR में उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) और हरियाणा के गुरुग्राम में भी वोटिंग के लिए तारीखों का ऐलान हो चुका है.
पिछली बार यानी 2019 के लोकसभा चुनाव में गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर भाजपा ने कब्जा जमाया था. गाजियाबाद से वीके सिंह ने जीत हासिल की थी, जबकि गौतमबुद्ध नगर से महेश शर्मा ने जीत हासिल की थी.
वहीं, हरियाणा की गुरुग्राम सीट पर राव इंद्रजीत ने कब्जा जमाया था. भाजपा ने एक बार फिर उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है.