menu-icon
India Daily

कांग्रेस उम्मीदवार के पास 2558 करोड़ की संपत्ति, हर दिन कमाते हैं 1 करोड़ से ज्यादा

कांग्रेस के तेलंगाना से राज्यसभा उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी ने अपनी संपत्ति घोषित की है जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
कांग्रेस उम्मीदवार के पास 2558 करोड़ की संपत्ति, हर दिन कमाते हैं 1 करोड़ से ज्यादा
Courtesy: @madanmohansoni

कांग्रेस पार्टी ने वकील अभिषेक मनु सिंघवी को तेलंगाना से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है. सिंघवी ने राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करते समय जो हलफनामा दिया है, उसकी हर तरफ चर्चा हो रही है. उससे हलफनामे से पता चलता है कि वे देश के सबसे अमीर राजनेताओं और वकीलों में से एक हैं. 

कितनी है कुल संपत्ति?

हलफनामे के मुताबिक, अभिषेक मनु सिंघवी, उनकी पत्नी और उनके हिंदू अविभाजित परिवार (HUF) के पास कुल 2,558 करोड़ रुपये की संपत्ति है. उनके पास जमीन, जायदाद, गहने, शेयर और बैंक में जमा पूंजी मिलाकर ढाई हजार करोड़ से भी ज्यादा की संपत्ति है. यह कोई छोटा आंकड़ा नहीं है, बल्कि किसी बड़ी कंपनी के टर्नओवर के बराबर है. इतनी संपत्ति होने का मतलब है कि वे बेहद सफल पेशेवर हैं और उनकी कमाई का स्तर आम इंसान की सोच से कहीं ऊपर है.

हर साल कितना कमाते हैं सिंघवी

सिंघवी सिर्फ अमीर ही नहीं, बल्कि जबरदस्त कमाई करने वाले शख्स भी हैं. पिछले पांच सालों के आंकड़े बताते हैं कि वे हर साल औसतन 300 करोड़ रुपये कमाते हैं. साल 2024-25 में तो उन्होंने 374 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए. इसका आम भाषा में मतलब यह हुआ कि हर दिन वे करीब एक करोड़ रुपये कमा लेते हैं. उनकी कमाई लगातार बढ़ रही है, जो बताता है कि वकालत के क्षेत्र में उनका दबदबा कितना बड़ा है.

पत्नी के पास 157 करोड़ के गहने

हलफनामे में सबसे ज्यादा चर्चा सिंघवी की पत्नी के गहनों की हो रही है. उनकी पत्नी अनिता सिंघवी के नाम 157.53 करोड़ रुपये के गहने दर्ज हैं. यानी सिर्फ जेवरात ही डेढ़ सौ करोड़ से ज्यादा के हैं. वहीं सिंघवी के पास खुद 2.40 करोड़ के गहने हैं और 25 करोड़ रुपये की पेंटिंग (कलाकृतियां) भी हैं. इसके अलावा उन्होंने लोगों और कंपनियों को 353 करोड़ रुपये से ज्यादा का पर्सनल लोन दे रखा है. 

छोटी चीजें और बकाया टैक्स

मजेदार बात यह है कि इतनी बड़ी संपत्ति के बीच सिंघवी ने छोटी-छोटी चीजों का भी जिक्र किया है. उन्होंने घर के एयर कंडीशनर, फर्नीचर और कंप्यूटर तक की कीमत लिखी है, जिसमें एक कंप्यूटर सिर्फ 163 रुपये का बताया है. हालांकि, हलफनामे में यह भी बताया गया है कि उन पर 63 करोड़ रुपये से ज्यादा का आयकर बकाया है.