menu-icon
India Daily

दिल्ली के बाद अब कहां गरजेगी 'कॉकरोच जनता पार्टी'? शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज

NEET-CBSE परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ 'कॉकरोच जनता पार्टी' का आंदोलन जारी है. दिल्ली के बाद अब 11 जून को पुणे में प्रदर्शन कर पार्टी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तेज कर दी है.

KanhaiyaaZee
दिल्ली के बाद अब कहां गरजेगी 'कॉकरोच जनता पार्टी'? शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: NEET और CBSE परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर छात्रों और युवाओं में पनपा आक्रोश अब एक बड़े जन-आंदोलन का रूप लेता जा रहा है. 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) ने अब दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए सफल प्रदर्शन के बाद महाराष्ट्र का रुख किया है. पार्टी ने पुणे में बड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान कर केंद्र सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है.

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक यह आंदोलन थमेगा नहीं. दीपके, जो खुद शनिवार को अमेरिका से भारत लौटे थे, सीधे हवाई अड्डे से दिल्ली के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे. अब पार्टी ने शिक्षा के गढ़ कहे जाने वाले पुणे को अपना अगला केंद्र बनाया है.

11 जून को होगा शक्ति प्रदर्शन

तय कार्यक्रम के अनुसार, पुणे में यह विरोध प्रदर्शन 11 जून को शाम 4 बजे सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी कैंपस में आयोजित किया जाएगा. अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया के माध्यम से महाराष्ट्र के छात्रों और समर्थकों से भारी संख्या में जुटने की अपील की है. दीपके का दावा है कि दिल्ली प्रदर्शन में 6,000 से 7,000 युवाओं की भागीदारी ने सरकार को संदेश दे दिया है कि छात्र अब अपनी भविष्य के साथ समझौता करने को तैयार नहीं हैं.

प्रदर्शन की अनुमति पर सस्पेंस बरकरार

दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान अंतिम समय में मिली पुलिस अनुमति को लेकर पार्टी की कार्यशैली पर सवाल उठे थे. वहीं, पुणे में आगामी प्रदर्शन के लिए स्थानीय पुलिस से अनुमति मिलने के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है. हालांकि, पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते हुए यह साफ है कि वे पूरी मजबूती के साथ अपनी आवाज बुलंद करने के लिए तैयार हैं.