menu-icon
India Daily

TMC की ताबूत में आखिरी कील ठोंकने को तैयार 20 सांसद! बागियों की सीएम सुवेंदु से हुई मुलाकात

तृणमूल कांग्रेस में बड़ी टूट की आहट है. लोकसभा के 20 TMC सांसद अलग गुट बनाने की तैयारी में हैं. बागी सांसदों ने BJP नेताओं और बंगाल CM शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की है.

KanhaiyaaZee
TMC की ताबूत में आखिरी कील ठोंकने को तैयार 20 सांसद! बागियों की सीएम सुवेंदु से हुई मुलाकात
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: सोमवार का दिन तृणमूल कांग्रेस के लिए किसी झटके से कम नहीं रहा. पार्टी के भीतर जो असंतोष धीरे-धीरे पक रहा था, वह अब खुलकर सामने आ गया है. लोकसभा में TMC के 20 सांसद अलग गुट बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. इसके साथ ही राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर ने पार्टी और सांसद पद दोनों से इस्तीफा दे दिया है, जिससे पार्टी की नींव हिलती दिख रही है.

बागी सांसदों की एक अहम बैठक TMC सांसद शताब्दी रॉय के आवास पर हुई. इस बैठक में NDA को समर्थन देने के फैसले पर आखिरी मोहर लगाई जानी थी. बापी हालदार, असित कुमार और अबू ताहिर खान जैसे सांसद यहां पहुंचे. बागी गुट का दावा है कि उनके साथ 20 सांसद हैं, जो संवैधानिक विभाजन के लिए जरूरी 19 की संख्या से एक अधिक है.

शुभेंदु अधिकारी से हुई गुपचुप मुलाकात

इससे पहले TMC के 14 बागी सांसदों ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से BJP नेता भूपेंद्र यादव के घर पर मुलाकात की. सुबह से ही पांच सांसद- शर्मिला सरकार, प्रसून बनर्जी, जगदीश बसुनिया, कालिपद सोरेन और अरूप चक्रवर्ती वहां मौजूद थे. बिप्लब देब भी इस बैठक में शामिल रहे. यह मुलाकात सियासी हलकों में चर्चा का बड़ा विषय बन गई.

अभिषेक नहीं, काकोली को चाहते हैं बागी

बागी सांसदों की नाराजगी की एक बड़ी वजह नेतृत्व का सवाल भी है. ये सांसद लोकसभा में TMC नेता के रूप में अभिषेक बनर्जी को स्वीकार करने से इनकार कर रहे हैं. उनकी मांग है कि काकोली घोष को पार्टी का संसदीय नेता बनाया जाए. यह मांग पार्टी के भीतर गहरे अंतर्विरोध को उजागर करती है.

महुआ मोइत्रा का तीखा पलटवार

बागियों पर TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने एक्स पर लिखा कि ये सांसद 2024 में TMC के टिकट पर जीते थे और जनादेश NDA के लिए नहीं था. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि सभी गद्दार BJP में शामिल हों, सीटें छोड़ें और दोबारा चुनाव लड़कर दिखाएं कि वे कितने बड़े नेता हैं.

राज्यसभा में भी TMC को झटका

लोकसभा ही नहीं, राज्यसभा में भी TMC की मुश्किलें बढ़ रही हैं. वरिष्ठ नेता सुखेंदु शेखर रॉय ने सोमवार को राज्यसभा सदस्यता और पार्टी दोनों से इस्तीफा दे दिया. उनसे मिलने TMC के पांच सांसद भी पहुंचे. इसके अलावा टॉलीवुड अभिनेत्री कोयल मल्लिक के भी पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं. ममता की पकड़ कमजोर पड़ती दिख रही है.