menu-icon
India Daily

तमिलनाडु में CM विजय का बड़ा ऐलान, नवजात बच्चों को मिलेगी 1 ग्राम सोने की अंगूठी; 28 सितंबर से शुरू होगी योजना

तमिलनाडु में सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों के लिए एक ग्राम सोने की अंगूठी योजना 28 सितंबर से शुरू होगी. पहले चरण में 1.28 लाख अंगूठियां बांटी जाएंगी.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
तमिलनाडु में CM विजय का बड़ा ऐलान, नवजात बच्चों को मिलेगी 1 ग्राम सोने की अंगूठी; 28 सितंबर से शुरू होगी योजना
Courtesy: X

तमिलनाडु सरकार नवजात बच्चों के लिए खास योजना शुरू करने जा रही है. मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय 28 सितंबर को ‘थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम’ की शुरुआत करेंगे. इसके तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र बच्चों को एक ग्राम की 22 कैरेट सोने की अंगूठी दी जाएगी. योजना में स्थायी निवासी परिवार शामिल होंगे.

पहले चरण के लिए 1.28 लाख अंगूठियां तैयार

सरकार ने पहले चरण के लिए 1.28 लाख सोने की अंगूठियां तैयार कराई हैं. हर अंगूठी पर अलग सीरियल नंबर रहेगा और इसे सुरक्षित पैकिंग में दिया जाएगा. तमिलनाडु मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन ने आपूर्ति के लिए जॉयलुक्कास और कल्याण ज्वैलर्स को चुना है. दोनों कंपनियों के बीच सप्लाई का अनुपात 70:30 रखा गया है. पूरे साल के लिए सरकार ने 755.83 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है. इस बजट से करीब 4.41 लाख एक ग्राम, 22 कैरेट अंगूठियां उपलब्ध कराने की योजना है.

चुनाव से पहले की गई थी योजना की घोषणा

विजय ने 7 मार्च 2026 को मल्लापुरम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में इस योजना की घोषणा की थी. यह TVK के शुरुआती चुनावी वादों में शामिल थी. सत्ता में आने के बाद सरकार ने इसे लागू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई. योजना का नाम तमिल परंपरा में मामा की ओर से नवजात को सोने की अंगूठी देने की परंपरा से जुड़ा है. योजना को पहले 15 सितंबर से शुरू करने की तैयारी थी लेकिन बाद में तारीख बदलकर 28 सितंबर कर दी गई.

22 जून से जन्मे बच्चों को मिलेगा लाभ

इस योजना को 22 जून 2026 से प्रभावी माना गया है, यानी मुख्यमंत्री विजय के जन्मदिन से सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले पात्र बच्चे पहले चरण में शामिल होंगे. लाभ के लिए बच्चे का जन्म सरकारी अस्पताल में होना जरूरी है और परिवार का तमिलनाडु का स्थायी निवासी होना भी शर्त है. सरकार के अनुसार, अंगूठियां बच्चों को तय वितरण व्यवस्था के तहत दी जाएंगी.