चेन्नई के नंगनल्लूर इलाके में एक ऐसी घटना हुई है जिसने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है. एक 52 वर्षीय व्यक्ति सुब्रमण्यन ने अपनी 42 वर्षीय पत्नी नागलक्ष्मी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. नागलक्ष्मी कोई साधारण महिला नहीं थीं, उनके इंस्टाग्राम पर 3 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे. हत्या के बाद सुब्रमण्यन ने खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. यह पूरा मामला 27 अप्रैल को तब खुला जब दंपति के छोटे बेटे सैलाश ने अपने माता-पिता को मृत अवस्था में पाया.
नागलक्ष्मी सिर्फ एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर नहीं थीं, बल्कि एक सफल बिजनेस वुमन भी थीं. उन्होंने नंगनल्लूर में ‘श्री साई सिल्क्स’ नाम से एक साड़ी का व्यवसाय शुरू किया था. इंस्टाग्राम पर अपनी साड़ियों के आकर्षक प्रमोशन से उन्होंने न केवल लाखों फॉलोअर्स हासिल किए बल्कि अपने कारोबार को भी काफी बढ़ाया. उनकी सफलता इतनी थी कि उन्होंने चेन्नई में एक बड़ा स्टोर खोल लिया था. वह अपने बड़े बेटे हरीश भारद्वाज (21) को रूस में मेडिकल की पढ़ाई के लिए भेज चुकी थीं, जबकि छोटा बेटा सैलाश (18) चेन्नई में ही डेंटिस्ट्र की पढ़ाई कर रहा था.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुब्रमण्यन और नागलक्ष्मी के बीच काफी समय से अनबन चल रही थी. इसी वजह से वह मदुरै चले गए थे और वहां अपने एक रिश्तेदार के साथ रह रहे थे. हाल ही में वह चेन्नई लौटे. जानकारी के मुताबिक उन्होंने अपनी पत्नी से अपने पिछले व्यवहार के लिए माफी मांगी और सुलह कर ली लेकिन यह सुलह ज्यादा दिन नहीं टिकी. 27 अप्रैल को किसी बात पर दोनों के बीच फिर से जमकर झगड़ा हुआ. इसी दौरान सुब्रमण्यन ने नागलक्ष्मी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. हमला इतना भयानक था कि नागलक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई.
हत्या के बाद सुब्रमण्यन ने वहां से भागने की कोशिश नहीं की. इसके बजाय उसने अपने छोटे बेटे सैलाश को एक परेशान करने वाला मैसेज भेजा. मैसेज पढ़ते ही सैलाश तुरंत घर की ओर भागा. जब वह अंदर पहुंचा, तो उसने देखा कि उसकी मां का शरीर कुल्हाड़ी के वार से कटा-बिखरा पड़ा था. दूसरे कमरे में उसके पिता का शव फंदे से लटक रहा था. सैलाश की चीखें सुनकर पड़ोसी दौड़े आए और पुलिस को इसकी सूचना दी.
मौके पर पहुंची चेन्नई पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चेंगलपट्टू सरकारी अस्पताल भेज दिया. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सुब्रमण्यन और नागलक्ष्मी के बीच किसी बात को लेकर गंभीर विवाद हुआ था, जिसके बाद सुब्रमण्यन ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर आत्महत्या कर ली. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आखिर उस दिन ऐसा क्या हुआ, जिसने एक परिवार को हमेशा के लिए तबाह कर दिया.