menu-icon
India Daily

हैवानियत की सारी हदें पार, बाइक सवारों ने 6 साल की मासूम को तेजाब से जलाया; पुलिस पर फूटा लोगों का गुस्सा

अहिल्यानगर के वडगांव पान में स्कूल से लौट रही मासूम बच्ची पर तेजाब फेंकने की घटना ने सनसनी फैला दी है. पुलिस सीसीटीवी के जरिए आरोपी की तलाश कर रही है, जबकि ग्रामीणों में भारी गुस्सा है

KanhaiyaaZee
हैवानियत की सारी हदें पार, बाइक सवारों ने 6 साल की मासूम को तेजाब से जलाया; पुलिस पर फूटा लोगों का गुस्सा
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के वडगांव पान गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है. स्कूल से घर लौट रही एक छह साल की मासूम बच्ची पर अज्ञात बाइक सवार ने तेजाब से हमला कर दिया. इस हमले ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं और लोगों में गहरा आक्रोश भर दिया है

यह वारदात बुधवार दोपहर की है जब बच्ची स्कूल से घर जा रही थी. रास्ते में एक बाइक सवार ने उसे रोककर पता पूछने का नाटक किया. जैसे ही बच्ची रुकी, उसने चेहरे पर तेजाब जैसा पदार्थ फेंक दिया. हमले से बच्ची का चेहरा बुरी तरह झुलस गया और वह दर्द से चीखने लगी. आरोपी हमले के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया

हमले के बाद बच्ची किसी तरह साहस जुटाकर वापस अपने स्कूल की तरफ भागी. वहां मौजूद शिक्षकों ने तुरंत स्थिति को समझा और उसे प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल में भर्ती कराया. फिलहाल बच्ची लोणी के सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन है और उसकी हालत स्थिर है. 

पुलिस की गहन जांच 

संगमनेर पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस फिलहाल गांव के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधी की पहचान की जा सके. अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि अपराधी को जल्द ही पकड़कर कानून के हवाले कर दिया जाएगा

ग्रामीणों का आक्रोश और प्रदर्शन 

इस घटना से आक्रोशित गांव के लोग सड़कों पर उतर आए. गुस्साए ग्रामीणों ने लोणी-संगमनेर मार्ग पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए. ग्रामीणों द्वारा पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की गई है.