नई दिल्ली: दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हैं. भारत इस साल सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहा है, ऐसे में विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए राजधानी के बड़े होटलों में खास इंतजाम किए गए हैं. ताज महल, द ललित और द लीला पैलेस जैसे होटल भारतीय खानपान की विविधता विदेशी मेहमानों तक पहुंचाने की तैयारी में हैं. कहीं पारंपरिक भारतीय स्नैक्स परोसे जाएंगे तो कहीं मिलेट्स और खास क्षेत्रीय व्यंजनों को मेन्यू में जगह दी गई है.
ताज महल होटल ने BRICS प्रतिनिधिमंडल के लिए ‘ट्रेडिशन टू टेबल’ थीम पर विशेष मेन्यू तैयार किया है. होटल के मुताबिक, इसमें भारतीय पाक परंपरा की विविधता को सामने रखने की कोशिश की गई है. मेन्यू में ऐसे व्यंजन शामिल किए गए हैं, जिनसे शेफ का व्यक्तिगत जुड़ाव भी है. इसका मकसद विदेशी मेहमानों को भारतीय भोजन के साथ यहां की मेहमाननवाजी और अपनापन महसूस कराना है.
ताज महल के विशेष मेन्यू में देश के अलग-अलग हिस्सों की पारंपरिक डिशेज शामिल की गई हैं. कश्मीर के मसालेदार अखरोट, पुरानी दिल्ली का मैदा काजू, राजस्थान की मिनी कचौरी और बंगाल की कुचो निमकी मेहमानों को परोसी जाएगी. इसके अलावा महाराष्ट्र की भाकरवाड़ी और तमिलनाडु का मुरुक्कू भी मेन्यू का हिस्सा होगा. इन व्यंजनों के जरिए भारत के अलग-अलग क्षेत्रों के स्वाद को एक ही मेज पर लाने की कोशिश है.
द ललित होटल ने भी BRICS प्रतिनिधियों के लिए खास मेन्यू तैयार किया है. इसमें गलौटी कबाब, तंदूरी रोटी और बाजरे से तैयार व्यंजनों को शामिल किया गया है. होटल ने भारतीय स्वाद के साथ दूसरे एशियाई व्यंजनों का मेल भी तैयार किया है. मेन्यू में मिसो पेस्ट के साथ तैयार बैंगन, धीमी आंच पर पकाई गई चीनी पत्ता गोभी और एम्बर सॉस के साथ जापानी शैली की मीठी राजमा खास आकर्षण रहेंगी.
BRICS सम्मेलन के दौरान द लीला पैलेस भी विदेशी मेहमानों के स्वागत की तैयारियों में जुटा है. होटल की ओर से खास व्यंजनों के साथ मिलेट्स से तैयार चीजों को भी मेन्यू में जगह दी जा रही है. इस तरह दिल्ली के प्रमुख होटल सम्मेलन में आने वाले प्रतिनिधियों को केवल ठहरने की सुविधा ही नहीं देंगे, बल्कि भारतीय खानपान और अलग-अलग क्षेत्रों की पाक परंपरा से भी परिचित कराएंगे.
BRICS सम्मेलन के लिए भारत मंडपम और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है. दी गई जानकारी के मुताबिक, आयोजन स्थल पर करीब 15 हजार पुलिसकर्मी, 200 पैरामिलिटरी कंपनियां और 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे तैनात किए गए हैं. सम्मेलन के दौरान दिल्ली में कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लगाए गए हैं और स्कूलों में भी छुट्टी रखी गई है. विदेशी मेहमानों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं.