उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में रविवार को फिल्मी अंदाज में एक हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला. यहां पान की दुकान चलाने वाला एक युवक अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से जोर-जोर से अपनी प्रेमिका ‘खुश्बू’ को बुलाने लगा. उसने धमकी दी कि अगर खुश्बू को सामने नहीं लाया गया तो वह टावर से कूद जाएगा.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक युवक का नाम पवन पांडे है और वह लंबे समय से पान की दुकान चलाता है. सुबह करीब 9 बजे वह याकूबपुर इलाके में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया. वहां से उसने चिल्लाकर कहा कि उसकी प्रेमिका खुश्बू को वहीं लाया जाए. यह नजारा बिल्कुल फिल्म शोले के उस सीन की तरह था, जिसमें वीरू पानी की टंकी पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देता है.
पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लगातार उसे मनाने की कोशिश करने लगी. स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और माहौल तमाशे में बदल गया. युवक बार-बार कहता रहा कि जब तक खुश्बू सामने नहीं आती, वह नीचे नहीं उतरेगा. करीब पांच घंटे तक यह ड्रामा चलता रहा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
जब पुलिस को खुश्बू नाम की कोई लड़की नहीं मिली, तो उन्होंने एक महिला कांस्टेबल को खुश्बू बनकर फोन पर उससे बात करने को कहा. महिला स्टाफ ने बड़े धैर्य से बातचीत की और शादी का भरोसा दिलाया. इसके बाद पवन धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया और भीड़ ने राहत की सांस ली.
#Bhadohi में रविवार की सुबह याकूबपुर गांव का एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की मांग है कि उसकी प्रेमिका को बुलाकर उसकी शादी कराई जाए। pic.twitter.com/LT9PfUCsCh
— Abhishek sharma (@officeofabhi) August 24, 2025
जांच में पुलिस को पता चला कि पवन पिछले दो साल से इंस्टाग्राम पर खुश्बू नाम की एक आईडी से बात कर रहा था. उस अकाउंट से उसकी गहरी दोस्ती हो गई थी और वह उसे अपनी प्रेमिका मान बैठा था. जांच में सामने आया कि वह अकाउंट फर्जी था और किसी ने महिला की तस्वीरों का इस्तेमाल कर पवन को धोखा दिया. आरोप है कि इस दौरान उससे पैसे भी ऐंठे गए. पुलिस ने पवन पर शांति भंग करने का मुकदमा दर्ज किया है और साथ ही ऑनलाइन ठगी की जांच भी शुरू कर दी है.