menu-icon
India Daily

"पहले इस्तीफा दे दें तो बेहतर...फिर पीएम बनने....", अररिया में पत्रकार की हत्या के बाद गिरिराज सिंह का सीएम नीतीश पर हमला

Journalist Murder Araria: बिहार के अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र में बदमाशों ने सुबह-सुबह एक दैनिक अखबार के पत्रकार विमल कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी.

Avinash Kumar Singh
"पहले इस्तीफा दे दें तो बेहतर...फिर पीएम बनने....", अररिया में पत्रकार की हत्या के बाद गिरिराज सिंह का सीएम नीतीश पर हमला

नई दिल्ली: बिहार के अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र में बदमाशों ने सुबह-सुबह एक दैनिक अखबार के पत्रकार विमल कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी. यह घटना 18 अगस्त की सुबह की है जब बदमाश विमल कुमार यादव के घर पहुंचे. दरवाजा को खटखटाया और जैसे ही वह बाहर निकले तो उन्हें गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया. इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और विपक्ष ने सरकार की घेराबंदी शुरू कर दी है.

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि बेहतर होगा कि पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस्तीफा दें और फिर प्रधानमंत्री बनने की दौड़ पर ध्यान केंद्रित करें. जिस राज्य में पत्रकार, पुलिसकर्मी सुरक्षित नहीं हैं. एक महिला विधायक खुद को सुरक्षित नहीं पाती. इसके बाद भी अगर नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनने के लिए दिल्ली का दौरा करते हैं और विपक्षी एकता की बात करते हैं. ऐसे में  बेहतर होगा कि वह पहले इस्तीफा दें और फिर प्रधानमंत्री पद के लिए चुनाव लड़ें.

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने नीतीश सरकार पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि "बिहार राज्य में एक और जंगलराज बर्दाश्त नहीं करेगा और जंगलराज के खिलाफ आवाज उठाएंगे. नीतीश कुमार बिहार को संभाल नहीं सकते लेकिन वह प्रधानमंत्री बनने की दौड़ में हैं. यह शर्म की बात है.नीतीश कुमार को बख्शा नहीं जाएगा.

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर लिखा कि "ऐसा लगता है कि नीतीश बाबू का मुंगेरीलाल का हसीन सपना बिहार के लिए एक दुस्वप्न बन गया है, अराजकता का राज हो गया है. हत्याओं का अंतहीन सिलसिला शुरू हो गया है, इंस्पेक्टर, पत्रकार और विधायक सभी जंगलराज का दंश झेल रहे हैं"

यह भी पढ़ें: क्या बिहार की जातीय जनगणना लोगों के बीच होगी सार्वजनिक, जानें कब लेगी SC फैसला?

बिहार के अररिया में पत्रकार की हत्या पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. कोई इस तरह से किसी व्यक्ति की हत्या कैसे कर सकता है? मैंने अधिकारियों से इसकी जांच करने को कहा है.

बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने अररिया में पत्रकार की हत्या के मामले में सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है. सम्राट चौधरी कहा कि यह अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. कल तक अपराधी को चिंता होती थी लेकिन जब से यह घमंडिया गठबंधन और महागठबंधन की सरकार बनी है तब से पुलिस वाले मारे जा रहे हैं और अब पत्रकार भी मारे जा रहे हैं. बिहार में लोकतंत्र पूरी तरह खतरे में है और समाप्त हो गया है. पत्रकार मारे जाएंगे, पुलिस वाले मारे जाएंगे और अपराधी सरेआम घूमते रहेंगे. यहीं नीतीश कुमार की सरकार है.

यह भी पढ़ें: "मैं बहुत जिद्दी आदमी हूं..जो मुझे समझ नहीं पाए....", जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव का साथ देने का दिया भरोसा