menu-icon
India Daily

'पहली ही कैबिनेट में आयुष्मान भारत को मिलेगी मंजूरी', बंगाल को लेकर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान

पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में जीत के बाद पीएम मोदी दिल्ली स्थित बीजपी मुख्यलाय पहुंचे और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'पहली ही कैबिनेट में आयुष्मान भारत को मिलेगी मंजूरी', बंगाल को लेकर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान
Courtesy: X/@BJP4India

पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में हार-जीत की तस्वीर करीब-करीब साफ हो चुकी है. पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने की ओर अग्रसर है. इसी बीच प्रधानमंत्री समेत बीजेपी के तमाम बड़े नेता दोनों राज्यों में बीजेपी की जीत का जश्न मनाने के लिए दिल्ली स्थित पार्टी के मुख्यालय पहुंचे.

पीएम मोदी के बीजेपी मुख्यालय पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में जोश भर गया और वह मोदी, मोदी के नारे लगाने लगे. पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, 'मोदी जी आगे बढ़ो, हम तुमारे साथ हैं.'

असम में लगातार तीसरी विजय की ओर बीजेपी

अभी तक के आए रुझानों में बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार असम में सरकार बनाती दिख रही है. बंगाल ने बीजेपी को जश्न मनाने का सबसे बड़ा अवसर दिया है. यह पहली बार है जब बंगाल में बीजेपी सत्ता बनाने जा रही है. साल 2016 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मात्र  तीन सीटें मिली थीं और आज बीजेपी बंगाल में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है.

पहली ही कैबिनेट में आयुष्मान भारत को मिलेगी मंजूरी

पार्टी मुख्यालय में बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की पहली कैबिनेट मीटिंग में ही आयुष्मान भारत को मंजूरी मिलेगी और घुसपैठ करने वालों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा. उन्होंने आगे कहा कि बंगाल में अब महिलाओं को सुरक्षा का माहौल मिलेगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा और पलायन रुकेगा.

गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल

पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में सरकार बनाने पर उन्होंने कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल खिला है. उन्होंने कहा कि सालों की साधना जब सिद्धि में बदलती है तो जो खुशी होती है वो खुशी कार्यकर्ताओं के चेहरे पर देख रहा हूं.