menu-icon
India Daily

अरविंद केजरीवाल की विसावदर में फुल चार्ज रैली, गोपाल इटालिया को बताया भ्रष्टाचार का काल

गुजरात के विसावदर उपचुनाव में सियासत गरमा गई है और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को यहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए BJP और कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला.

princy
Edited By: Princy Sharma
अरविंद केजरीवाल की विसावदर में फुल चार्ज रैली, गोपाल इटालिया को बताया भ्रष्टाचार का काल
Courtesy: Pinterest

गुजरात के विसावदर उपचुनाव में सियासत गरमा गई है और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को यहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए BJP और कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने मंच से विसावदर की जनता को कहा कि अब वक्त आ गया है बीजेपी को सबक सिखाने का और गोपाल इटालिया जैसे ईमानदार उम्मीदवार को जीत दिलाने का.

अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'पिछले 20 साल से विसावदर की जनता BJP को हराती आई है और इस बार भी ऐसा ही करेगी. कांग्रेस को वोट देने का कोई मतलब नहीं क्योंकि कांग्रेस तो BJP की गोद में बैठी है. अगर आप कांग्रेस को वोट देंगे, तो वह भी अंत में बीजेपी की ही मदद करेगी.'

उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि बीजेपी कैसे पिछले चुनावों में AAP के नेताओं को तोड़कर अपने साथ मिलाती रही है. केजरीवाल ने आगे कहा, 'पहले हर्षद रबरिया को चुराया, फिर भूपत को. अब तो बीजेपी कहती है कि किसी को भी वोट दो, हम खरीद लेंगे. लेकिन अब हमने सबसे मजबूत, सबसे कट्टर नेता गोपाल इटालिया को मैदान में उतारा है, जिसे कोई नहीं खरीद सकता,'

गोपाल इटालिया के जीवन की सादगी और संघर्षों की कहानी भी जनता के सामने रखी गई. केजरीवाल ने बताया कि गोपाल एक गरीब परिवार से हैं, एक कमरे के मकान में रहते हैं और पहले पुलिस की नौकरी करते थे, लेकिन समाज सेवा के लिए सबकुछ छोड़ दिया. उन्होंने कहा, 'जिसने ऊपर की कमाई छोड़ दी, वो कभी बिक नहीं सकता. करोड़ों रुपये का लालच दिया गया, लेकिन गोपाल नहीं डोला.'

सभा के दौरान गुजरात प्रभारी गोपाल राय और प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी भी मौजूद थे. केजरीवाल ने बताया कि गोपाल इटालिया ने सुगंधनामा (प्रतिज्ञा पत्र) पर दस्तखत करके 15 काम करने का वादा किया है और कहा कि अगर वो काम न करे तो अगली बार वोट मत देना.

उन्होंने लोगों से अपील की, '19 जून को सुबह 7 बजे वोट डालें, वोट डालकर ही नाश्ता करें. BJP चालाक है, फर्जी वोट डाल सकती है. आप सतर्क रहें.' साथ ही जनता को चेताया कि वोट की कीमत समझिए. बिना मांगे कोई शादी में नहीं जाता, वैसे ही बिना वोट मांगने वाले को वोट मत देना. हम आपसे वोट मांगने आए हैं क्योंकि आपके वोट की इज्जत करते हैं.'

अंत में केजरीवाल बोले, 'अगर गोपाल इटालिया विसावदर से जीते, तो विधानसभा में उसकी आवाज गूंजेगी और BJP तक कांपेगी. अब जनता को फैसला करना है डर और धोखे की राजनीति चाहिए या सच्चाई और ईमानदारी की आवाज?'