तमिलनाडु के थंजावुर में अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) के कार्यक्रम के दौरान एक बार फिर हादसा हो गया. बुधवार को आयोजित इस कार्यक्रम में कम से कम छह लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब कुछ समर्थक विजय के काफिले के पीछे-पीछे अपनी गाड़ियों से चलने लगे. इसी दौरान अफरा-तफरी मच गई और कई लोग गिरकर घायल हो गए. घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे हैं.
घायलों में पी. विग्नेश नाम का एक तीसरे वर्ष का कॉलेज छात्र भी शामिल है. बताया जा रहा है कि वह अपनी मोटरसाइकिल से काफिले का पीछा कर रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से गिर पड़ा. उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एक अन्य युवक के पैर में फ्रैक्चर हुआ है. इसके अलावा दो महिलाएं भी घायल हुई हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों में भेजा गया है.
#WATCH | Tamil Nadu: Supporters of actor and TVK president Vijay chase his vehicle as he leaves from the venue after addressing a public meeting in Thanjavur today. pic.twitter.com/NoNB8n1P2P
— ANI (@ANI) March 4, 2026
यह पहली बार नहीं है जब विजय की राजनीतिक कार्यक्रम में ऐसा हादसा हुआ हो. इससे पहले करूर में हुई एक रैली में 41 लोगों की जान चली गई थी. वहीं पिछले महीने सलेम में TVK के एक कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी. इन घटनाओं के बाद भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल उठते रहे हैं.
Video of that accident Vijay ignored them clearly 💔💔💔
— sabarish (@journeyofsaba) March 4, 2026
pic.twitter.com/TvIHoAmVJO https://t.co/nVmXYr9WCA
थंजावुर में पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए विजय ने आने वाले विधानसभा चुनाव को बेहद खास बताया. उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक सामान्य चुनाव नहीं, बल्कि उनके और उनके समर्थकों के लिए भावनाओं का सागर है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि पार्टी का चुनाव चिन्ह “सीटी” हर घर और हर बूथ तक पहुंचना चाहिए. विजय ने सत्ताधारी द्रविड़ मुन्नेत्र कजगम पर भी निशाना साधते हुए उसे 'बुरी ताकत' बताया. इस ताजा हादसे के बाद एक बार फिर बड़े आयोजनों में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर चर्चा तेज हो गई है.